Mallikarjun Kharge on Monday Protest: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने ऐलान किया है कि वे और राहुल गांधी भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) से मुलाकात कर देश के मौजूदा हालात पर अपनी बात रखेंगे।
बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि देश में इस समय अघोषित आपातकाल जैसे हालात बना दिए गए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि उन्होंने और राहुल गांधी ने मुख्य न्यायाधीश (CJI) को पत्र लिखकर मिलने का समय मांगा था, जिसके तहत शाम 4 से 5 बजे के बीच मुलाकात का वक्त तय हुआ है।
हम रखने जा रहे निवेदन
मल्लिकार्जुन खड़गे ने स्पष्ट किया कि वे CJI से कोई मांग करने नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक स्थिति को लेकर हाथ जोड़कर अपनी बात और निवेदन रखने जा रहे हैं। विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों को रोकने के सरकारी कदमों पर सवाल उठाते हुए खड़गे ने कहा कि सरकार पूरी तरह डर के साये में काम कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने के लिए बड़े पैमाने पर सुरक्षा बलों का इस्तेमाल किया जा रहा है। खड़गे के अनुसार, हाल ही में 32,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती यह दर्शाती है कि केंद्र सरकार जनता और विपक्ष के विरोध से किस कदर डरी हुई है।
‘मोदी सरकार के दबाव में काम कर रही संस्था’
मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) और चुनाव आयोग की स्वायत्तता पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक और स्वतंत्र निकाय है, जिसे निष्पक्ष फैसले लेने का अधिकार है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी उन्हें स्वतंत्र रूप से काम नहीं करने दे रहे हैं।
खड़गे ने दावा किया कि चुनाव आयोग के अपने ही सदस्यों ने आयोग की कार्यप्रणाली और वित्तीय/प्रशासनिक अनियमितताओं को उजागर किया है, लेकिन इसके बावजूद कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया।
‘वोट चोरी’ और 2023 के चुनाव आयुक्त अधिनियम पर उठाए सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि 2023 में लाए गए चुनाव आयोग अधिनियम का मकसद चुनाव आयुक्तों को कानूनी कानूनी संरक्षण (इम्युनिटी) देना था, ताकि वे सरकार के इशारे पर काम कर सकें। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि इस नए कानून के तहत चुनाव आयुक्तों को जो छूट दी गई है, वैसी छूट देश के राष्ट्रपति या मुख्य न्यायाधीश को भी हासिल नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ईवीएम और वोट चोरी जैसे गंभीर मुद्दों को नजरअंदाज कर लोकतंत्र के साथ धोखाधड़ी की साजिश रची जा रही है, जिसका कांग्रेस और विपक्षी दल मजबूती से मुकाबला करेंगे।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस के लिए दुविधा बना सपा से गठबंधन? संगठन विस्तार और विपक्षी एकता के बीच तालमेल की चुनौती
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब महज चार महीनों का वक्त बचा है और उससे पहले आलाकमान ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। इसके तहत आराधना मिश्रा को प्रदेश अध्यक्ष, सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद को इसका कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पढ़िए पूरी खबर…
