कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया है कि बीजेपी के राज्य में मध्य प्रदेश भ्रष्टाचार और लूट का केंद्र बन गया है। खड़गे ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह ने जवाबदेही की धारणा को सत्ता के अहंकार तले रौंद दिया है।

खड़गे ने दावा किया, “अब एथनॉल के नाम पर 1200 करोड़ रुपये का चावल घोटाला सामने आया है। जिस चावल को कुपोषित बच्चों, गर्भवती महिलाओं और किशोरियों के पोषण के लिए इस्तेमाल होना था, उसी चावल को मुनाफे के खेल में घुमाया गया।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि 5 लाख मीट्रिक टन चावल को राइस मिलर्स, एथनॉल माफिया और भाजपा सरकार के संरक्षण में भ्रष्टाचार के खेल का हिस्सा बना दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा और सरकारी तंत्र की मिलीभगत से जनता के हक के अनाज पर डाका डाला जा रहा है।

खड़गे ने कहा, “इससे पहले जमीनों के मामले में बड़ा घोटाला सामने आया। उज्जैन में उन्हीं इलाकों में जमीनों का विस्तार हुआ, जहां सरकारी infrastructure project और Highway Corridor प्रस्तावित थे। इसमें मुख्यमंत्री जी के ऊपर ही सवालिया निशान खड़े हुए।”

खड़गे ने कहा, “हर तरफ, हर विभाग में लूट और अपनी जेबें भरने का खेल, यही भाजपा की सत्ता की लूट की कहानी है। व्यापमं से शुरू हुई यह लूट, पेपर लीक, भ्रष्टाचार के अनगिनत मामलों के बावजूद आज भी थमी नहीं है।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने मध्य प्रदेश को भ्रष्टाचार का मॉडल बना दिया है और मोदी जी हर बार की तरह बस मौन साधे बैठे हैं।

यह भी पढ़ें- E25 एथनॉल वाले पेट्रोल पर पीछे हट सकती है मोदी सरकार

पेट्रोल में एथनॉल के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर मोदी सरकार सोशल मीडिया के साथ ही जमीन पर भी काफी आलोचना का सामना कर रही है। अब ऐसी संभावना है कि सरकार E25 को लेकर कदम पीछे हटा सकती है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।