केरल के तिरुवनंतपुरम में एक होटल की लिफ्ट में शुक्रवार शाम कांग्रेस सांसद शशि थरूर फंस गए। इसके बाद आनन-फानन में फायर ब्रिगेड की एक टीम मौके पर पहुंची और उन्हें बाहर निकाला। बताया जा रहा कि शशि थरूर ‘रोटरी क्लब ऑफ त्रिवेंद्रम ईस्ट’ के इंस्टॉलेशन समारोह में शामिल होने के लिए एक प्राइवेट होटल पहुंचे थे, तभी वे वहां की लिफ्ट में कुछ देर के लिए फंस गए।
फायर और रेस्क्यू सर्विस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और हाइड्रोलिक स्प्रेडर का इस्तेमाल करके लिफ्ट का दरवाजा खोला और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
कई मिनट तक फंसे रहे सांसद
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, कांग्रेस सांसद शशि थरूर लिफ्ट में कई मिनट तक फंसे रहे, हालांकि बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने उन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया। वह एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए होटल में गये थे। शुरुआत में कुछ लोग लोहे की रॉड के जरिए लिफ्ट का दरवाजा खोलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वह नहीं खुला।
तिरुवनंतपुरम फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया कि शाम 7:37 बजे उन्हें सूचना मिली कि सांसद एक होटल की लिफ्ट में फंस गए हैं। पहले लोगों ने लिफ्ट खोलने की कोशिश की लेकिन वह नहीं खुली, इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एक टीम तुरंत रवाना हुई।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने ‘हाइड्रोलिक स्प्रेडर’ की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोला और फिर शाम करीब 7:51 बजे थरूर और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों को सकुशल बाहर निकाला। दरवाजा खुलने पर पता चला कि लिफ्ट अपनी तय मंजिल तक नहीं पहुंची सकी थी। दरवाजा खुलने पर शशि थरूर लिफ्ट से बाहर मुस्कुराते हुए निकले और उन्होंने फायर ब्रिगेड की टीम शुक्रिया कहा।
सात लोग फंसे थे लिफ्ट में- अधिकारी
फायर ब्रिगेड के अधिकारी जितेश कुमार ने कहा, “जब हम मौके पर पहुँचे, तो लिफ्ट के अंदर सात लोग फंसे थे, जिनमें सांसद शशि थरूर भी शामिल थे। पहले तो हमने लिफ्ट की चाबी से लिफ्ट खोलने की कोशिश की लेकिन वह नहीं खुली। इसके बाद हमने लिफ्ट खोलने के लिए हाइड्रोलिक स्प्रेडर का इस्तेमाल किया और हमने लिफ्ट का दरवाजा खोल लिया और टीम ने लिफ्ट के अंदर फँसे लोगों को बाहर निकाला।”
बाहर निकलते ही फायर ब्रिगेड की टीम को धन्यवाद कहा
शशि थरूर ने कहा, “आप सभी का धन्यवाद (Thank You), आपने अच्छा काम किया है।” इसके बाद अधिकारियों ने जब उनसे पूछा कि क्या वह ठीक हैं, तो सांसद ने जवाब दिया कि लिफ्ट में मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं। शशि थरूर ने वहां मौजूद पत्रकारों को बताया कि पहले लिफ्ट के मैकेनिक को बुलाया गया था, लेकिन वे कुछ नहीं कर सके। इसके बाद होटल के कर्मचारियों ने भी कोशिश की, लेकिन जब वे भी कोई मदद नहीं कर पाए तो फायर ब्रिगेड को बुलाने का फैसला लिया गया।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने मीडिया से बात करते हुए, “सबसे पहले हमने लिफ्ट सर्विस के कर्मचारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। रिसेप्शन स्टाफ ने भी मदद की कोशिश की, लेकिन वे समस्या हल नहीं कर पाए। फिर हमने फायर और रेस्क्यू डिपार्टमेंट को फोन किया और वे तेजी से पहुँच गए। शुरू में एक-दो लोगों ने लिफ्ट खोलने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंदर का दरवाजा तो खुल गया, लेकिन बाहर का दरवाजा फँसा रह गया।”
उन्होंने कहा, “फायर और रेस्क्यू सर्विस के बारे में मेरी पहले से अच्छी राय है। अधिकारियों ने यहां शानदार काम किया। वे 5 मिनट के अंदर आ गए। बहुत अच्छा, आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद।” सांसद ने यह भी कहा कि अगर अधिकारियों के पास समय हो तो वे जाने से पहले चाय जरूर पिंये। हालांकि, कर्मचारियों ने विनम्रतापूर्वक मना कर दिया और कांग्रेस सांसद से हाथ मिलाकर रवाना हो गए। हालांकि बाद में शशि थरूर ने कर्मचारियों की तत्परता के लिए उन्हें सम्मानित किया।
यह भी पढ़ें: ‘पीएम मोदी ने जो नहीं कहा, वो भी सुन लेते हैं’, पवन खेड़ा ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर पर कसा तंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की G7 समिट के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात हुई। इस दौरान भारतीय नाविकों की मौत का भी मुद्दा उठा। विपक्ष पीएम मोदी को घेर रहा है कि उन्होंने ठीक से मुद्दे को नहीं उठाया। हालांकि कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इसको लेकर पीएम मोदी की तारीफ कर दी। इसके बाद अब कांग्रेस के ही प्रवक्ता और सांसद पवन खेड़ा ने शशि थरूर पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जो बात कहते भी नहीं, वह शशि थरूर सुन लेते हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
