लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को पंजाब के संगरूर में कांग्रेस की ‘इंसाफ रैली’ को संबोधित किया। रैली में राहुल ने कहा कि पंजाब को एक ऐसी सरकार चाहिए जो यहां के लोगों के लिए काम करे। राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब में सबसे बड़ा मुद्दा नशा है।

राहुल गांधी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार पर नशे को रोकने में फेल होने का आरोप लगाया। 

राहुल गांधी ने कहा, “दूसरी कहानी बताता हूं, आपके चीफ मिनिस्टर के बारे में, मैं लोकसभा में था सुबह-सुबह हमारे पास बैठकर हमें चुटकुले सुनाते थे और 11 बजे सुबह उनके मुंह से शराब की बू आती थी।”

राहुल गांधी ने कहा, “मैं यह नहीं कह रहा हूं कि भगवंत मान जी को शराब नहीं पीनी चाहिए, वह उनका पर्सनल मामला है, अगर वह शराब पीना चाहते हैं उनका पर्सनल मामला है मगर भाईयों और बहनों, अगर आप नशे से लड़ना चाहते हो तो आपका चीफ मिनिस्टर हर शाम नशा नहीं कर सकता।”

ये नशा नहीं हटा सकते- राहुल 

राहुल ने कहा, ”पंजाब ने भगवंत मान और आम आदमी पार्टी पर भरोसा किया। उनका वादा राज्य को नशा मुक्त करने का था। मैं पूछना चाहता हूं कि पंजाब के किस कोने से नशा खत्म हुआ है। ये नशा नहीं हटा सकते हैं।” राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पंजाब की मौजूदा सरकार की आधी लगाम अमित शाह और आधी अरविंद केजरीवाल के हाथ में है तथा राज्य को दिल्ली से चलाया जा रहा है। 

राहुल गांधी ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि उनके साथ जो हुआ, वह आज पंजाब में ‘फैशन’ बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस सोच ने मूसेवाला को गोली मारी थी, वही सोच आज पूरे पंजाब में फैल गई है। उन्होंने दावा किया कि जो भी पंजाब के लिए काम करना चाहता है, उसे डराया और धमकाया जाता है तथा सरेआम गोली मार दी जाती है।

कांग्रेस नेता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि शाह ने पंजाब में तीन साल के भीतर नशा खत्म करने का वादा किया था लेकिन केंद्र की सरकार तो एक साल में ही निपट जाएगी। उन्होंने सवाल किया कि गुजरात में नशा पकड़ा गया लेकिन इस मामले में अमित शाह ने क्या कार्रवाई की?

पंजाब जीतेंगे तो सारा भारत जीतेंगे : खड़गे 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पंजाब में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया। खड़गे ने संगरूर में कहा कि यदि उनकी पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव जीतती है तो वह सारा भारत जीतेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जीत की शुरुआत पंजाब से होनी चाहिए और इसके लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। 

खड़गे ने आम आदमी पार्टी को बीजेपी की ‘बी टीम’ करार दिया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी गुजरात, गोवा और कई राज्यों में कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार को ‘नशे और भ्रष्टाचार’ की सरकार करार दिया और आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल तथा उनके लोग पंजाब में ‘हफ्ता वसूली’ कर रहे हैं। 

यह भी पढ़ें- कौन हैं AAP छोड़ BJP में शामिल हुए तीन नेता?

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। तीन नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।