15 साल की उम्र में ही बच्चे को जन्म दे सकती हैं लड़कियां, कांग्रेस नेता के विवादित बयान पर बवाल
आपको बता दें कि इससे पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शादी के लिए लड़कियों की उम्र 18 से बढ़ाकर 21 साल करने की बात कही थी।

कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा के विवादित बयान पर बवाल मचा हुआ है। बाल अधिकार संरक्षण आयोग की टीम ने सज्जन सिंह वर्मा को उनके बयान को लेकर नोटिस थमाया है। लड़कियों के गर्भधारण को लेकर दिये गये कांग्रेस नेता के बयान पर आयोग ने गुरुवार को उन्हें नोटिस थमाया है। शादी के लिए लड़कियों की निर्धारित 18 से 21 साल की उम्र के खिलाफ बयान देते हुए कांग्रेस नेता ने बुधवार को कहा कि लड़कियां 15 साल की उम्र में गर्भ धारण कर सकती हैं और बच्चे को जन्म दे सकती हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि ‘चिकित्सकों के मुताबिक लड़कियां 15 साल की उम्र से बच्चे देने के लायक हो जाती हैं। क्या मुख्यमंत्री कोई चिकित्सक हैं या वैज्ञानिक? तो फिर आखिर किस आधार पर लड़कियों की शादी की उम्र 18 से बढ़ाकर 21 साल करने की बात कही जा रही है।’
आपको बता दें कि इससे पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शादी के लिए लड़कियों की उम्र 18 से बढ़ाकर 21 साल करने की बात कही थी। कांग्रेस नेता के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तरफ से कड़ी प्रतिक्रिया आई है। इधर कांग्रेस के प्रवक्ता भूपेंद्र गुप्ता पार्टी नेता के बचाव में सामने आए हैं।
भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि सीएम ने यह बात सिर्फ लाइम लाइट में आने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि सज्जन सिंह वर्मा ने सिर्फ इसलिए ऐसा कहा क्योंकि वो जानना चाहते थे क्या सीएम के पास कोई कानूनी या वैज्ञानिक वजह है जिसके आधार पर लड़कियों की शादी की उम्र 21 साल की जाए।
आपको याद दिला दें कि 74वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने लड़कियों की शादी की उम्र बढ़ाने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि केंद्र सरकार ने इसे लेकर एक कमेटी भी बनाई है जो इस मामले को देख रही है।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।