कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पहले अमित शाह को यह बताना चाहिए कि जब पिछला सत्र चल रहा था तब वह और मोदी जी सदन से नदारद क्यों थे? राजेंद्र गौतम ने कहा कि जब सत्र नहीं चल रहा है तब आप बहस की चुनौती दे रहे हो, लेकिन तब आप सवालों से भाग रहे थे। घुसपैठियों को लेकर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि 10-12 साल से आपकी सरकार है, आपने कितने घुसपैठियों की पहचान कर उनके देश में डिपोर्ट किए हैं?
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, “अभी SIR में आप ही के इस चुनाव आयोग ने, जिसको आपने ‘बी’ टीम के रूप में इस्तेमाल किया है, वह कह रहा है केवल 1600 घुसपैठियों की उन्होंने पहचान की है और उन 1600 में से भी ज्यादातर नेपाल के लोग हैं। घुसपैठिया-घुसपैठिया बोलना बंद कीजिए। घुसपैठिए पकड़िए और उन्हें उनके देश भेजिए, कोई नहीं रोक रहा। कांग्रेस बाधा नहीं है, कोई बाधा नहीं है। असल तो यह है कि आपके पास घुसपैठिए हैं ही नहीं और हैं तो आप संरक्षण दे रहे हैं। भेजिए न उनके देश में उनको वापस।”
‘2029 में राहुल गांधी जी प्रधानमंत्री बनने वाले हैं’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के घर पर मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया गया था। इसमें राहुल गांधी नेता विपक्ष बने हुए थे। इसको लेकर भी अमित शाह ने कहा था कि कम से कम वहां प्रधानमंत्री बना देना था ताकि सोनिया गांधी को तसल्ली मिलती। इसको लेकर भी पत्रकारों ने राजेंद्र पाल गौतम से सवाल पूछा था।
राजेंद्र गौतम ने कहा, “आप चिंता मत कीजिए अमित शाह जी, आपका इंतजार खत्म होगा जल्दी। क्योंकि अब 2029 में राहुल गांधी जी प्रधानमंत्री बनने वाले हैं और बहुत अच्छे बहुमत से बनेंगे। तो आप इतने दिन से इंतजार कर रहे हैं, तो थोड़ा सा इंतजार और कर लीजिए, ढाई साल की बात है। ढाई साल बाद देश के प्रधानमंत्री राहुल गांधी जी होंगे। आप चिंता मत कीजिए, उस वक्त शपथ ग्रहण में आपको भी निमंत्रण दिया जाएगा।”
स्वामी प्रसाद मौर्य को लेकर क्या बोले राजेंद्र गौतम?
स्वामी प्रसाद मौर्य से अपनी मुलाकात को लेकर राजेंद्र गौतम ने कहा, “मेरी मुलाकात होती रहती है और वह राजनीति से हटकर भी लगातार होती है। वह जब दिल्ली आते हैं, अक्सर मेरे से जरूर मिलते हैं। मैं यूपी जाता हूं, तो मैं उनसे जरूर मिलता हूं क्योंकि हम लोग सामाजिक न्याय का आंदोलन मिलकर वर्षों से लड़ रहे हैं। अब राजनीति के लिए हम अपने सामाजिक न्याय की लड़ाई को तो छोड़ नहीं सकते। मुझे नहीं लगता किसी को इस बात से परेशानी होनी चाहिए। अब समाजवादी पार्टी के जो मित्र लोग हैं, वह क्या अपने लोगों से मिलते नहीं हैं? यह व्यक्तिगत सबका मामला है। सबके अपने पारिवारिक रिश्ते होते हैं, व्यक्तिगत रिश्ते होते हैं और मेरा तो सामाजिक रिश्ता ज्यादा बड़ा है। मैं तो परिवार के रिश्ते से बड़ा विचार के रिश्ते को मानता हूं। वह मेरे विचार के साथी हैं, क्योंकि सामाजिक न्याय की लड़ाई को हम लोगों ने हमेशा मिलकर लड़ा है, आगे भी लड़ेंगे मिलकर।”
यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव से पहले स्वामी प्रसाद मौर्य को लेकर अखिलेश यादव ने क्लियर की बात
स्वामी प्रसाद मौर्य के इंडिया गठबंधन में शामिल होने को लेकर पत्रकारों ने सपा मुखिया अखिलेश यादव से सवाल पूछा। पत्रकारों ने पूछा कि स्वामी प्रसाद मौर्य दिल्ली जा रहे हैं तो क्या वह भी उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन में शामिल होंगे? उसके जवाब में अखिलेश यादव ने दो टूक कहा कि हमारे गठबंधन में वह शामिल नहीं हो सकते हैं। अखिलेश ने कहा कि हमारी सीट की गिनती में वह नहीं शामिल हो सकते हैं, आप क्यों बेवजह का बहस छेड़ रहे हो। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
