आप मिलान से लौट आए क्या? राहुल गांधी ने विश किया न्यू ईयर तो AAP ने किया तंज
इससे पहले राहुल गांधी के इटली दौरे पर भाजपा नेता वीके सिंह ने कहा था कि स्थापना दिवस पर राहुल विदेश में हैं, शायद वे थक गए हैं इसलिए वहां आराम कर रहे हैं।

कृषि कानूनों पर किसान संगठनों और केंद्र सरकार के बीच विवाद की स्थिति बरकरार है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने किसान आंदोलन का समर्थन करते हुए अब तक विपक्ष का नेतृत्व किया था। हालांकि, नए साल पर उनके विदेश जाने की खबरों के बीच भाजपा समेत कई राजनीतिक दलों ने किसानों के प्रति राहुल की मंशा पर सवाल उठाए। इनमें नया नाम आम आदमी पार्टी का जुड़ गया है। राहुल की ओर से देशवासियों को नए साल की शुभकामनाएं देने पर आप ने शुक्रवार को कहा, “क्या आप मिलान (इटली) से वापस आ गए?”
दरअसल, राहुल गांधी ने शुक्रवार को देशवासियों को नए साल की बधाई देते हुए कहा था कि उनका दिल उन किसानों और श्रमिकों के साथ है, जो पूरे सम्मान के साथ अन्यायी ताकतों से लड़ रहे हैं। राहुल ने कहा था कि वे उन्हें याद करते हैं जिन्हें हमने खोया और उनका शुक्रिया करते हैं जो हमें सुरक्षित रखते हैं और खुद का बलिदान देते हैं।
भाजपा नेता भी साध चुके हैं निशाना: इससे पहले राहुल गांधी के मिलान जाने की खबरों पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था, “कांग्रेस इधर अपना 136 वां स्थापना दिवस मना रही है और राहुल जी ‘9 2 11’ हो गये!!’ केंद्रीय मंत्री वी के सिंह ने भी शिवराज सिंह चौहान की बात दोहराते हुए कहा, “स्थापना दिवस पर राहुल विदेश में हैं। शायद वे थक गए हैं इसलिए वहां आराम कर रहे हैं।”
कांग्रेस को देनी पड़ी थी सफाई: कांग्रेस के स्थापना दिवस से एक दिन पहले पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इटली चले गए थे। इसके बाद पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने राहुल का बचाव करते हुए कहा कि वो अपनी नानी को देखने इटली गए हैं। इसमें गलत क्या है? हर किसी को निजी दौरे पर जाने का अधिकार है। उन्होंने भाजपा पर निचले दर्ज की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वो राहुल गांधी को सिर्फ इसलिए निशाना बना रहे हैं क्योंकि वो सिर्फ एक नेता को टारगेट करना चाहते हैं।