राम के रंग में रंगे कमलनाथ: भूमिपूजन से पहले टि्वटर पर भगवावस्त्र में लगाया फोटो, अयोध्या भेज रहे 11 चांदी की ईंटें
कमलनाथ ने हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर भी की हैं। एक ट्वीट में कमलनाथ ने लिखा है कि "श्रीराम के हनुमान करो कल्याण।"

राम मंदिर निर्माण के लिए बुधवार को होने वाले भूमि पूजन पर देश-दुनिया की निगाहें लगी हुई हैं। इसका असर कांग्रेस नेताओं पर भी देखा जा रहा है और वह भी आस्था में मग्न दिखाई दे रहे हैं। बता दें कि मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने तो अपने ट्विटर अकाउंट की तस्वीर ही बदल दी है और नई तस्वीर में वह भगवा रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। इससे पहले कमलनाथ ने अपने आवास पर हनुमान चालीसा पाठ का भी आयोजन कराया था।
कमलनाथ ने हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर भी की हैं। एक ट्वीट में कमलनाथ ने लिखा है कि “श्रीराम के हनुमान करो कल्याण।” बता दें कि इस भक्ति के अलावा कमलनाथ ने 11 चांदी की ईंटें भी अयोध्या भेजी हैं। कमलनाथ ने बताया कि ये ईंटें मध्य प्रदेश के लोगों की तरफ से भेजी गई हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने चंदा इकट्ठा करके ये ईंटें खरीदी थी।
इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट कर भगवान राम को सभी का बताया था। प्रियंका गांधी ने राम मंदिर के भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर ट्वीट कर लिखा था कि “सरलता, साहस, संयम, त्याग, वचनबद्धता, दीनबंधु राम नाम का सार हैं। राम सबमें हैं, राम सबके साथ हैं। भगवान राम और माता सीता के संदेश और उनकी कृपा के साथ रामलला के मंदिर के भूमिपूजन का कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृति समागम का अवसर बने।”
प्रियंका गांधी के इस ट्वीट पर शेफाली वैद्य ने ट्वीट करते हुए कहा कि ‘साल 2007 में कांग्रेस नीत यूपीए सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर कहा था कि भगवान राम के अस्तित्व का कोई सबूत नहीं है। वहीं अब प्रियंका गांधी कह रही हैं कि भगवान राम युगों से भारत को प्रेरित करते आए हैं।’ केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने तो इसे कांग्रेस पार्टी का ऐतिहासिक यू-टर्न करार दे दिया है।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।