कांग्रेस नेता डॉ. केतन भाटीकर का सांप के काटने से निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को इस घटना की पुष्टि की। भाटीकर गोवा कांग्रेस के सक्रिय नेताओं में शामिल थे और हाल ही में रद्द हुए पोंडा विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के प्रमुख चेहरों में शामिल थे।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा गुरुवार रात उस समय हुआ जब डॉ. केतन भाटीकर कर्नाटक के दांडेली गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें सांप ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने भाटीकर के निधन पर गहरा दुख जताते हुए उन्हें समर्पित और जमीनी नेता बताया। वहीं आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी गोवा दौरे के दौरान उनके निधन पर शोक व्यक्त किया और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। भाटीकर के निधन से गोवा कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ”भाटीकर किसी कारणवश गोवा-कर्नाटक सीमा पर स्थित करमल घाट पर वाहन से नीचे उतरे थे, तभी उन्हें सांप ने काट लिया। उन्हें तुरंत गोवा के धारबांदोरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।”
भाटीकर फोंडा विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार थे जिसे उच्च न्यायालय के एक फैसले के बाद रद्द कर दिया गया था। उन्होंने विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) के जरिए उच्च न्यायालय के इस आदेश को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती दी थी जो फिलहाल लंबित है।
गोवा के सीएम ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री सावंत ने भाटीकर को श्रद्धांजलि देते हुए उनके निधन को चिकित्सा जगत के लिए एक बड़ी क्षति बताया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक संदेश में उन्होंने कहा, “प्रसिद्ध फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. केतन भाटीकर के असामयिक निधन की खबर से गहरा सदमा और दुख पहुंचा है। इस अत्यंत कठिन समय में मेरी हार्दिक संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को सद्गति प्रदान करें।”
राहुल गांधी ने जताया शोक
राहुल गांधी ने गोवा कांग्रेस नेता केतन भाटीकर के निधन पर शोक जताते हुए कहा, ”गोवा से हमारे युवा कांग्रेस नेता डॉ. केतन भाटीकर जी के असामयिक निधन से बेहद दुखी हूं। वह एक प्रसिद्ध फिजियोथेरेपिस्ट थे जिन्होंने समर्पण और दृढ़ विश्वास के साथ लोगों की सेवा की। उनके परिवार, मित्रों और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।”
गोवा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यूरी अलेमाओ ने भाटीकर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। अलेमाओ ने कहा, ”जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को हमेशा याद रखा जाएगा। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं।”
गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जीपीसीसी) ने भी अपने नेता को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पार्टी ने ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, “हम पार्टी नेता डॉ. केतन भाटीकर के निधन से गहरे दुख में हैं। सार्वजनिक सेवा के प्रति उनके समर्पण और समाज के लिए उनके योगदान को हमेशा सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।”
केजरीवाल ने क्या लिखा
दिल्ली के पूर्व सीएम और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने X पर लिखा, “गोवा के जाने-माने और प्रमुख नेता डॉ. केतन भाटीकर के अचानक निधन के बारे में जानकर स्तब्ध और दुखी हूं। दुःख की इस घड़ी में उनके परिवार, प्रियजनों और समर्थकों के प्रति मेरी सच्ची संवेदनाएं हैं। ओम् शांति।”
समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ
