Bharat Jodo Yatra: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार (14 नवंबर, 2022) को कांग्रेस महासचिवों की बैठक में भारत जोड़ो यात्रा के रूट पर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि रूट में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन संबंधित PCC बिना तारीख बदले अगर रूट में छोटे सुधार मांगते हैं तो (रूट में बदलाव) किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की आधी यात्रा पूरी होने के बाद हम समीक्षा बैठक कर रहे हैं। अब हम उत्तर भारत में प्रवेश कर चुके हैं और यात्रा को अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की प्रतिक्रिया किसी भी अन्य इवेंट से बड़ी है।
बता दें, रविवार (13 नवंबर, 2022) को राहुल गांधी का ढोल बजाते हुए एक वीडियो सामने आया था। राहुल गांधी हिंगोली जिले के कलामनुरी में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में पहुंचे थे। जहां कलाकारों ने उन्हें ढोल बजाने के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद कांग्रेस नेता ने ढोल बजाया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) एक दिन के विराम के बाद फिर से शुरू की है। इस समय भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र के हिंगोली से गुजर रही है। रविवार (13 नवंबर) को यात्रा को विराम दिया गया था। कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल से ट्वीट कर महाराष्ट्र के हिंगोली से भारत जोड़ो यात्रा सोमवार (14 नवंबर) को फिर से शुरू होने की जानकारी दी गई।
भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक के लिए शुरू की। कांग्रेस अब तक कई बार इसे ब्रेक दे चुकी है। पार्टी ने दिवाली के अवसर पर यात्रा को तीन दिन का विराम देने की घोषणा की थी।दिवाली और कांग्रेस के नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के शपथ ग्रहण समारोह के लिए भारत जोड़ो यात्रा ने 24, 25 और 26 अक्टूबर को विराम लिया था। उस समय यात्रा तेलंगाना से गुजर रही थी। वहीं 4 नवंबर को भी कांग्रेस ने यात्रा को विराम दिया था।
बता दें, आज भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की जयंती है। इस मौके पर कांग्रेस यात्रा के साथ चल रहे लोगों को उपहार देगी। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पद यात्रियों को पंडित नेहरू की लिखी ‘डिस्कवरी ऑफ इंडिया’ किताब की 600 प्रतियां दी जाएंगी।