मंगलवार को लोकसभा में स्पीकर की चेयर पर पेपर फेंकने के आरोप में कांग्रेस पार्टी के आठ सांसद निलंबित कर दिए गए। इन सांसदों में अमरिंदर सिंह वारिंग, गुरदीप सिंह ओजला, हिबी ईदेन, डीन कुरियाकोस, प्रशांत पाडले, एन.कृष्णा कुमार रेड्डी, एस. वेंकटेशन, माणिक्यम और मणिकम टैगोर शामिल हैं। कांंग्रेस पार्टी के इन सांसदों को संसद के बचे हुए बजट सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। ये सभी सांसद राहुल गांधी के बोलने के मुद्दे पर टेबल पर चढ़ कर चेयर पर कागज फाड़ कर फेंके थे।

निलंबन पर क्या बोले कांग्रेस सांसद?

कांग्रेस पार्टी के पंजाब से सांसद गुरजीत सिंह ओजला ने कहा कि पूरे देश के सामने आने वाले मुद्दों को उठाना विपक्ष का फर्ज है, संसद इसीलिए है और सरकार को आकर उनका जवाब देना चाहिए। लेकिन कल से वे कह रहे हैं कि आप कोई किताब नहीं दिखा सकते। चीन अब देश में घुस गया है, चीनी सामान से बाजार भर गया है, और अब उन्होंने अमेरिका के साथ भी ऐसा ही किया है।

कांग्रेस सांसद हिबी ईडन ने कहा, “विपक्ष के नेता ने स्पष्ट रूप से बताया है कि वे संसद के अंदर क्यों नहीं बोल पा रहे हैं। इसका कारण प्रधानमंत्री द्वारा अमेरिका के सामने किया गया आत्मसमर्पण, व्यापार समझौते पर साइन करने का तरीका और इस समझौते में हुई संदिग्ध घटनाएं हैं। एपस्टीन का मामला संसद में चर्चा का विषय होना चाहिए, लेकिन इन सब पर चर्चा नहीं हुई है। हम सदन के अंदर और बाहर अपना विरोध जारी रखेंगे। हमारे आठ सांसद निलंबित हैं, लेकिन हम संसद के अंदर और बाहर अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।”

कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा, “8 सांसदों को निलंबित किया गया है, जिनमें 7 कांग्रेस सांसद और मदुरै से सीपीएम सांसद एस. वेंकटेशन शामिल हैं। हमारी गलती यह है कि हम विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बोलने की अनुमति न देने के सरकार के फैसले का विरोध कर रहे थे। कल विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बार-बार परेशान किया गया और उन्हें बोलने नहीं दिया गया, उनसे प्रमाण पत्र मांगा गया। आज उन्होंने प्रमाण पत्र पेश किया और पत्र जमा किया। इसके बाद विपक्ष के नेता का भाषण रोक दिया गया। राहुल गांधी ने चीन और अमेरिकी टैरिफ के बारे में बात की। इसके बाद राहुल गांधी का माइक छीन लिया गया और हमने विरोध किया; इसलिए हमें निलंबित किया गया है।”

यह भी पढ़े: दिल्ली तक पहुंची ममता बनर्जी की लड़ाई, क्या है बंगाल चुनाव से पहले TMC प्रमुख के लिए चिंता का विषय?