तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और डीएमके के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान मची हुई है। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस उन सीटों की मांग कर रही है जो DMK 2021 के इलेक्शन में हार गई थी। उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि स्टेट गवर्नेंस में पावर-शेयरिंग जरूरी है। हालांकि कुछ दिन पहले स्टालिन ने गठबंधन के साथ पावर शेयर करने की पॉसिबिलिटी से इनकार कर दिया था।

मणिकम टैगोर का बयान डीएमके नेता और मंत्री आरएस राजा कन्नप्पन के 13 फरवरी को मदुरै में दिए गए बयान के बाद आया है। आरएस राजा ने कहा था कि डीएमके आने वाले इलेक्शन में 170 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और 160 सीटें जीतेगी।

कांग्रेस सांसद ने क्या कहा?

इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विरुधुनगर से सांसद मणिकम टैगोर ने X पर एक पोस्ट में राजा कन्नप्पन के भाषण का एक वीडियो क्लिप शेयर करते हुए कहा, “2021 में आपने 173 सीटों पर चुनाव लड़ा और 133 सीटें हासिल कीं। हम (अब) वे सीटें मांग रहे हैं जिन्हें आप जीतने में फेल रहे।” उन्होंने गवर्नेंस पर कांग्रेस की बात पर ज़ोर देते हुए कहा, “पावर शेयरिंग जरूरी है। पावर में हिस्सेदारी हमारा अधिकार है। लोग तय करेंगे।” वीडियो में राजा कन्नप्पन ने गठबंधन सरकार की संभावना से इनकार किया, और भरोसा जताया कि DMK अकेले 160 सीटें जीतेगी।

स्टालिन ने किया राहुल गांधी का जिक्र

तमिलनाडु विधानसभा में 234 सीटें हैं और DMK-कांग्रेस अलायंस ने 2021 के चुनावों में 151 सीटें जीती थीं। कुछ दिन पहले CM स्टालिन ने सहयोगी दलों के साथ पावर शेयरिंग से साफ़ इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस के साथ अलायंस बना हुआ है और इसमें कोई कन्फ्यूजन नहीं है। स्टालिन ने कहा, “हम यह भी जानते हैं कि यह तमिलनाडु में काम नहीं करेगा, वे (कांग्रेस) भी यह जानते हैं। यह कुछ लोगों की बनाई हुई प्रॉब्लम है। वे जानबूझकर यह साज़िश कर रहे हैं कि गठबंधन में दरार आए या नहीं। हमें इसकी चिंता नहीं है। राहुल गांधी भी परेशान नहीं हैं।”

तमिलनाडु कांग्रेस के अध्यक्ष की प्रतिक्रिया

इस बीच, तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के सेल्वापेरुंथगई ने चेन्नई में घोषणा की कि कांग्रेस और DMK के बीच फॉर्मल अलायंस की बातचीत 22 फरवरी से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की अलायंस को कमजोर करने की कोशिशों के बावजूद INDIA ब्लॉक एकजुट है। सेल्वापेरुंथगई ने पत्रकारों से कहा, “इलेक्शन प्रोसेस बहुत, बहुत आसानी से चल रहा है। बातचीत चल रही है और हम 22 फरवरी से शुरू करने जा रहे हैं। BJP जो सोच रही है, वह कुछ नहीं होगा। BJP वोट बैंक को बांटने के लिए INDIA अलायंस से किसी को बाहर निकालना चाहती है, लेकिन ऐसा नहीं होगा। हम अलायंस के साथ हैं।” पढ़ें तमिलनाडु में राहुल गांधी की रणनीति को बड़ा झटका

(यह भी पढ़ें- चुनावी दांव: महाराष्ट्र-बिहार और अब तमिलनाडु, महिलाएं कराएंगी CM स्टालिन की वापसी?)