आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद की मुश्किल बढ़ सकती है। दिल्ली की एक निचली कोर्ट ने सांसद के खिलाफ रेप के आरोप वाली शिकायत पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है।
राउज एवेन्यू कोर्ट ने सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ रेप के आरोप वाली शिकायत पर डीसीपी को नोटिस जारी किया है। एक महिला ने सांसद पर शादी का झांसा देकर रेप का आरोप लगाया है।
कोर्ट ने पुलिस को दिया 18 दिन का समय
साथ ही अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा मित्तल ने यह टिप्पणी भी की है कि सुनवाई की तक अगली तारीख तक जांच पूरी हो जानी चाहिए। कोर्ट ने इस मामले में सुनवाई की अगली तारीख भी तय की है। कोर्ट से दिल्ली पुलिस ने जांच के लिए दो माह का समय मांगा, जिस पर कोर्ट ने उन्हें समय देने से इनकार कर दिया और उन्हें महज 18 दिन का समय दिया। कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई के लिए 23 अक्टूबर की तारीख तय की है।
पुलिस ने दाखिल की स्टेट्स रिपोर्ट
दिल्ली पुलिस ने अब तक हुई जांच की स्टेटस रिपोर्ट भी कोर्ट में दाखिल की है। इससे पहले में पहले कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर जांच की स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने की मांग की थी।
7 साल से अधिक कारावास वाले मामले में त्वरित कार्रवाई जरूरी- वकील
शिकायतकर्ता महिला की ओर से पेश हुए वकील आशीष दास ने दिल्ली पुलिस की ओर से अधिक समय मांगे जाने का कड़ा विरोध किया। न्यायिक मिसालों का हवाला देते हुए वकील ने बेंच के समक्ष दलील दी कि 7 साल से अधिक कारावास की सजा वाले अपराधों में त्वरित कार्रवाई आवश्यक है, और उन्होंने यह भी कहा कि रेप के अपराध में कम से कम 10 साल की सजा का प्रावधान है।
‘डीसीपी स्वयं देखें जांच समय पर हो पूरी’
पुलिस द्वारा मांगी गई अतिरिक्त समयसीमा देने से इनकार करते हुए एसीजेएम नेहा मित्तल ने संबंधित डीसीपी को सीधे औपचारिक नोटिस जारी किया और उन्हें निर्देश दिया कि वे खुद यह सुनिश्चित करें कि 23 अक्टूबर को सुनवाई से पहले जांच पूरी हो जाए।
क्या है मामला?
एक शिकायतकर्ता महिला ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर दिल्ली पुलिस से रेप की शिकायत की थी। महिला ने अपनी शिकायत में सांसद चंद्रशेखर पर शादी का झांसा देकर उसके साथ रेप करने का आरोप लगाया था। साथ ही धोखाधड़ी के भी आरोप दर्ज कराए थे।
दिल्ली पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने पर महिला ने राउज एवेन्यू कोर्ट की ओर रुख किया। महिला ने सांसद के खिलाफ दिल्ली पुलिस को संबंधित कानूनी धाराओं में एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देने की मांग की थी।
यह भी पढ़ें: चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी, कोर्ट ने संपत्ति जब्त करने का भी दिया आदेश, जानें मामला
उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। यह मामला गाजियाबाद के साहिबाबाद थाने में दर्ज है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
