LPG Price Hike Today: अगले हफ्ते दिवाली है और उससे पहले ही आम आदमी को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। देशभर में एक नवंबर से कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं। 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमतें 10 से लेकर 11.50 रुपये तक बढ़ गई हैं। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी चेन्नई में हुई हैं, जहां कीमतें 11.50 रुपये तक बढ़ी हैं।
हालांकि, आम आदमी के लिए राहत की बात यह भी है कि त्योहारों के इस सीजन में 14.2 किलो वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम नहीं बढ़े हैं। ऐसे में घरों में खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाली एलपीजी फिलहाल महंगी नहीं हुई है।
कितना महंगा हो गया कॉमर्शियल सिलेंडर?
राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 2,820 रुपये का हो गया है। इससे पहले अक्टूबर में इसकी कीमत 2,810 रुपये थी, यानी दिल्ली में सिलेंडर 10 रुपये महंगा हुआ है।
बता दें कि 1 अक्टूबर को भी कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे, उस समय दिल्ली में इसकी कीमत में 62.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी, घरेलू गैस सिलेंडर के दाम तब भी स्थिर रखे गए थे।
चेन्नई, मुंबई और अहमदाबाद में कीमत
चेन्नई में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2,983 रुपये से बढ़कर 2,994.50 रुपये हो गई है। यहां 11.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 957.50 रुपये पर ही है।
इसके अलावा बात अगर मुबंई की करें तो वहां पर कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,764 रुपये हो गई है। यहां घरेलू सिलेंडर की कीमत 941.50 रुपये पर स्थिर है।
इसके अलावा अहमदाबाद में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2,831.50 रुपये से बढ़कर 2,842 रुपये हो गई है। वहीं, एलपीजी सिलेंडर की कीमत पहले की तरह 949 रुपये पर ही बरकरार है।
यह भी पढ़ें: एलपीजी सिलेंडर से लेकर जीएसटी तक… 1 नवंबर से बदल जाएंगे ये 5 नियम
नवंबर का महीना शुरू होने में कुछ ही दिन बाकी है। महीने की शुरुआत के साथ ही पैसे से जुड़े कुछ नियमों में बदलाव होने वाला है। इसमें एलपीजी, शराब खरीदारी से लेकर जीएसटी से जुड़े नियम शामिल है। आइए जानते हैं नवंबर में होने वाले इन 5 अहम बदलावों के बारे में… पढ़िए पूरी खबर…
