देश भर में कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं। दिल्ली में 19 किलो वाला कॉमर्शियल सिलेंडर 42 रुपए महंगा हो गया है। इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा। इस ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 1 जून से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गयी है।
कोलकाता में 19 किलोग्राम के कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 53.5 रुपये की बढ़ोतरी हुई है और अब यह 3,255.5 रुपये का हो गया है। इसके अलावा, दिल्ली में 5 किलोग्राम के फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) सिलेंडर की कीमत में 11 रुपये की बढ़ोतरी हुई है और अब इसकी कीमत 821.5 रुपये हो गई है।
मिडिल-ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण एलपीजी सप्लाई पर असर पड़ा है। इस वजह से तेल और गैस कंपनियों ने 1 मई को कीमतों में 993 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की थी।
दिल्ली में बीते दिनों ही पेट्रोल और डीजल के बाद CNG के दाम बढ़ाए गए थे। राष्ट्रीय राजधानी में CNG की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई थी।
यह बढ़ोतरी ऐसे वक्त में हुई है जब केंद्र सरकार ईंधन, पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की सप्लाई सुनिश्चित करने की कोशिश में जुटी है। शुक्रवार को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा था कि सरकार रणनीतिक भंडार बनाने के लिए काम कर रही है और उसने तेल कंपनियों को कम से कम 30 दिनों का एलपीजी भंडार बनाए रखने का निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा था कि भारत में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और प्राकृतिक गैस का पर्याप्त भंडार है। एलपीजी उत्पादन ऊंचे स्तर पर है और एलपीजी गैस की सप्लाई में किसी तरह की परेशानी की बात सामने नहीं आई है।
बढ़ती कीमतों से उपभोक्ता परेशान
ईंधन की कीमतों में बार बार बढ़ोतरी ने देश की जनता को नाराज कर दिया है। उपभोक्ताओं ने कीमतों में इजाफे को मध्यम वर्गीय जनता के लिए परेशानी का कारण बताया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
