दिल्ली हाईकोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी के एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट को बहाल करने का आदेश दिया है। अदालत ने केंद्र सरकार के अकाउंट ब्लॉक करने के आदेश को रद्द करते हुए कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर लगाए गए ऐसे प्रतिबंधों की कानूनी कसौटी पर जांच जरूरी है।

सुनवाई के दौरान केंद्र की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दलील दी कि NEET री-टेस्ट से पहले किसी भी तरह की ‘अराजकता’ और भ्रम की स्थिति से बचने के लिए कॉकरोच जनता पार्टी के अकाउंट को ब्लॉक किया गया था।

दिल्ली उच्च न्यायालय ने सीजेपी के ‘एक्स’ अकाउंट पर रोक को हटाने से संबंधित याचिका पर कहा कि नीट को लेकर केंद्र की मुख्य चिंता अब प्रासंगिक नहीं रही इसलिए ‘ब्लॉक’ करने का आदेश रद्द किया जाता है।

18 दिन से CJP का प्रदर्शन

NEET-UG पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 18 दिन से कॉकरोच जनता पार्टी का जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन जारी है। उधर, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का मंगलवार को दसवां दिन है। अनशन शुरू करने के बाद से वांगचुक का कुल वजन 6.9 किलोग्राम कम हो गया है। अभिजीत ने पूछा है कि सरकार कब जागेगी?

देश में इन दिनों “कॉकरोच जनता पार्टी” की चर्चा काफी तेज है। लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या कॉकरोच जनता पार्टी भविष्य में खुद को एक राजनीतिक दल के रूप में स्थापित करने जा रही है।

CJP को कॉकरोच चुनाव चिन्ह मिल सकता है या नहीं?

हालांकि, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल यह युवाओं का एक प्रेशर ग्रुप है। उन्होंने खुद को राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित करने की संभावना से इनकार नहीं किया है लेकिन फिलहाल उनका फोकस ऑनलाइन माध्यमों से अपने मुद्दों को उठाने पर है। इस बीच कई लोगों के मन में यह सवाल भी है कि यदि भविष्य में कॉकरोच जनता पार्टी खुद को एक राजनीतिक दल के रूप में पंजीकृत कराना चाहे तो क्या चुनाव आयोग उसे कॉकरोच का चुनाव चिन्ह भी देगा?