अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया है कि 10 अक्टूबर को होने वाले संगठन के प्रदर्शन से पहले Meta कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) से जुड़े लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट पर कार्रवाई कर रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक दीपके ने मंगलवार को X पर पोस्ट कर दावा किया कि सरकार के कहने पर संगठन के सदस्यों के अकाउंट प्रतिबंधित किए जा रहे हैं। CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने अपनी, दीपके और सौरव दास को 10 अक्टूबर के प्रदर्शन से पहले अपनी गिरफ्तारी की आशंका जताई है।

इसके साथ ही दीपके ने दावा किया कि सीजेपी कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कई कार्यकर्ताओं को पुलिस नोटिस दिए जा रहे हैं और उन्हें प्रदर्शन में शामिल नहीं होने के लिए कहा जा रहा है।

अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि सरकार CJP से जुड़े कंटेंट को रोकने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार इंस्टाग्राम (Instagram) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नियंत्रित नहीं कर सकती। इसीलिए अकाउंट प्रतिबंधित कराने की कोशिश की जा रही है।

यह आरोप ऐसे समय आया है जब CJP ने 10 अक्टूबर को दिल्ली में बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है। संगठन विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अभियान चला रहा है।

आशुतोष रांका ने गिरफ्तारी की जताई आशंका

रांका ने सोमवार को दावा किया था कि उन्हें, अभिजीत दीपके और सौरव दास को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) या किसी अन्य कानून के तहत गिरफ्तार किया जा सकता है। रांका ने कहा कि वे गिरफ्तारी से डरने वाले नहीं हैं और संगठन का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने सरकार पर आंदोलन को दबाने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया।

मंगलवार को रांका ने 10 अक्टूबर के प्रदर्शन को लेकर एक वीडियो संदेश भी जारी किया। उन्होंने इसे लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई बताया और लोगों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की।

रांका ने अपने मैसेज में कथित ‘मृत मतदाताओं’ से भी प्रदर्शन में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग हाथ में ‘I AM Alive’ लिखी तख्ती लेकर जंतर-मंतर पहुंचें।

CJP का प्रदर्शन चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध का हिस्सा है। संगठन SIR को लेकर सवाल उठा रहा है और कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है।

इस बीच SIR को लेकर चुनाव आयोग पर विपक्ष के आरोप भी जारी हैं। एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने मतदाता सूची, वोटर रजिस्ट्रेशन और आयोग की तकनीकी व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर कई बार आपत्तियां दर्ज कराई थीं। चुनाव आयोग ने कहा है कि ये सवाल और सुझाव प्रक्रिया का हिस्सा थे और SIR का कार्यक्रम सर्वसम्मति से तय किया गया था।

‘अभिजीत दीपके, आशुतोष और मुझे गिरफ्तार किया जा सकता है’, कॉकरोच जनता पार्टी के सौरव दास का दावा

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास ने दावा किया है कि सरकार उन्हें, अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका, रत्ना सिंह और सीजेपी के अन्य नेताओं को गिरफ्तार करने की योजना बना रही है। हालांकि, दास ने चेतावनी दी कि ऐसी कोई तानाशाही का नहीं आएगी।

सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “अगर सरकार सोचती है कि ऐसे तानाशाही कदम कारगर होंगे, तो वह गलतफहमी में है! युवा पीढ़ी जाग उठी है। हम सभी से अपील करते हैं कि हमारे अधिकारों और भविष्य के लिए संघर्ष जारी रखें, चाहे हम साथ हों या न हों। हम हमेशा जेल या इससे भी बदतर स्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहे हैं। लेकिन यह एक बड़ी गलती होगी। युवा इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। विरोध प्रदर्शन जारी रहना चाहिए। भारत की जनता को 10 अक्टूबर से शुरू होने वाले सबसे बड़े जन आंदोलन को सुनिश्चित करना चाहिए।”