कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से मुख्य चुनाव ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग के कामकाज के खिलाफ आज यानी 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने की अपील पर विपक्षी दलों की प्रतिक्रिया मिली-जुली रही। वामपंथी दलों और आम आदमी पार्टी (AAP) ने प्रदर्शन में शामिल होने का ऐलान किया है, जबकि ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) की भागीदारी को लेकर शुक्रवार रात तक स्थिति स्पष्ट नहीं थी।
दिल्ली पहुंचने से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पत्रकारों से कहा था कि वह 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल हो सकती हैं, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा, “हमने उनके (CJP) साथ संपर्क बनाए रखे हैं और अपना समर्थन दिया है। प्रदर्शन में हमारी भागीदारी को लेकर आगे का फैसला बाद में लिया जाएगा।”
वामपंथी दलों, ममता बनर्जी की TMC और आम आदमी पार्टी ने इससे पहले NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में हुए छात्र आंदोलन का समर्थन किया था और उसमें हिस्सा भी लिया था। इस आंदोलन के बाद धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
परिवार के साथ प्रदर्शन में शामिल होंगे अरविंद केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में अपने परिवार के साथ शामिल होने का ऐलान किया है।
केजरीवाल ने कहा कि मैं देश के सभी लोगों से अपील करता हूं कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में जंतर-मंतर पहुंचें। यह किसी एक व्यक्ति या राजनीतिक दल का मामला नहीं है, बल्कि देश का मामला है। जंतर-मंतर पर शनिवार को प्रदर्शन शुरू होगा। मैं वहां मौजूद रहूंगा और मेरा पूरा परिवार भी मेरे साथ आएगा। सभी लोगों को वहां पहुंचना चाहिए।
कांग्रेस ने बनाई दूरी, चेन्नई में रहेंगे राहुल गांधी
कॉकरोच जनता पार्टी के इस प्रदर्शन से कांग्रेस ने दूरी बनाए रखी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को चेन्नई में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के अगले संस्करण में शामिल होंगे।
प्रदर्शन से पहले सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाईकोर्ट तक पहुंचा मामला
प्रदर्शन से पहले शुक्रवार को माकपा (CPM) के महासचिव एमए बेबी ने शनिवार के प्रदर्शन से पहले लगाई गई पाबंदियों को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता साकेत गोखले ने दिल्ली हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर ट्रेनों की सेवाएं रद्द किए जाने और मेट्रो स्टेशनों को बंद करने के मामले में स्वतः संज्ञान लेने की मांग की।
गोखले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पत्र साझा करते हुए CJP और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की मांग करने वाले नागरिकों को अपना पूरा समर्थन दिया। TMC के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर CJP के प्रदर्शन का समर्थन किया।
वामपंथी दलों CPM, CPI, CPI(ML)L, RSP और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से एकत्र होने और विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार मौलिक अधिकार है।
एमए बेबी ने मीडिया से कहा, “हम इन दिनों प्रदर्शन में शामिल होते रहे हैं। कल भी ऐसा ही जारी रहेगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि वामपंथी दल बड़ी संख्या में प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे।
‘और भी गम हैं जमाने में सियासत के सिवा’, सोनम वांगचुक CJP के प्रदर्शन में शामिल क्यों नहीं हो रहे?
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध से पहले सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने बताया कि वह दिल्ली में विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं हो पाएंगे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के साथ सोनम वांगचुक ने लिखा, “सरकार की ओर से हमारे काम में बाधा डालने और उसे नुकसान पहुंचाने की तमाम कोशिशों के बावजूद, हम देश की सुरक्षा के लिए काम करते रहेंगे। और एक और सर्दी के आने की तैयारी कर रहे हैं।” पढ़ें पूरी खबर।
