ऑनलाइन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके आज दिल्ली पहुंच रहे हैं। इसके समर्थकों द्वारा शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया गया है। इसके लिए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
दिल्ली पुलिस को ऐसी आशंका है कि बाहर से भी लोग इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आ सकते हैं। माना जा रहा है कि प्रदर्शन में छात्र, कोचिंग सेंटर्स से जुड़े और आम लोग भी शामिल हो सकते हैं।
नई दिल्ली जिले को 12 जोन में बांटा गया है और दिल्ली पुलिस के 2000 जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के घरों के आसपास सुरक्षा का दायरा बढ़ा दिया है।
अभिजीत ने कॉकरोच जनता पार्टी के नाम से इंस्टाग्राम पेज और X हैंडल शुरू किया था। इन्हें सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रियता मिली। इसके बाद युवाओं ने शनिवार को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया।
ड्रोन से निगरानी करने के निर्देश
युवाओं की ओर से जारी किए गए संदेश में कहा गया है कि 6 जून की सुबह 9 बजे दिल्ली की सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हो जाइए। शुक्रवार देर रात तक कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से पुलिस से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के लिए किसी तरह की आधिकारिक अनुमति नहीं मांगी गई थी।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को विरोध प्रदर्शन वाली जगह पर वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और ड्रोन से निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभिजीत अभी तक बोस्टन में रह रहे थे। वह दिल्ली पहुंचने के बाद संसद मार्ग पुलिस थाने में जाकर विरोध प्रदर्शन की अनुमति लेंगे। उनके साथ लद्दाख के पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और उनके सहयोगी भी होंगे।
अभिजीत ने इससे पहले X हैंडल पर लिखा कि वह भारत जा रहे हैं और उन्होंने संविधान के हाथों में अपना भविष्य सौंप दिया है। उन्होंने #जय भीम भी लिखा है।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर जोर
इस ऑनलाइन समूह के प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष राकां ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने वालों के लिए क्या करें और क्या न करें कि एक सूची जारी की है जिससे यह तय किया जा सके कि जंतर-मंतर पर उनका यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण और अनुशासित रहे।
दास ने अलग-अलग राजनीतिक विचारधारा से संबंध रखने वाले लोगों से भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने और शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आखिरी अपील जारी करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि धर्मेंद्र प्रधान फेल साबित हुए हैं और इस वजह से पूरी शिक्षा व्यवस्था बर्बाद हो चुकी है।
NEET-UG का पेपर लीक होने और सीबीएसई के OSM सिस्टम को लेकर विवाद के बाद धर्मेंद्र प्रधान की आलोचना हो रही है।
कॉकरोच जनता पार्टी ने नियुक्त किए 3 प्रवक्ता
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने तीन प्रवक्ता नियुक्त किए हैं। इसमें एक पत्रकार, फिल्ममेकर और एक पूर्व मैनेजमेंट कंसल्टेंट शामिल हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
