बिहार के हाजीपुर के रहने वाले विकास कुमार जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं। सीजेपी की ओर से NEET-UG यूजी परीक्षा के पेपर लीक को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जा रही है।
विकास कुमार अब अपना खुद का राजनीतिक दल लॉन्च करने की तैयारी कर रहे हैं। इसका नाम वह- ‘अपना भारत सेना पार्टी-एबीएस पार्टी’ रखेंगे। विकास अपने बैग में अपनी पार्टी का घोषणा पत्र भी रखते हैं।
विकास के जैसे ही कई लोग हैं जो सीजेपी के समर्थन में जंतर-मंतर पर इकट्ठा होते हैं। इनमें कलाकार से लेकर मजदूर तक शामिल हैं।
भूख हड़ताल पर बैठे हैं सोनम वांगचुक
जंतर-मंतर पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनके साथ सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी हैं। यह दोनों लोग मंच पर हैं जबकि बाकी लोग नीचे लेटे हुए हैं। मंच पर टेबल फैन लगा है जबकि बाकी लोग प्लास्टिक के पंखों से अपने साथियों को हवा लगा रहे हैं। इस दौरान लोग कई मुद्दों पर चर्चा भी कर रहे हैं।
विकास कुमार ने बताया, “जिस तरह लोग डिजिटल मार्केटिंग और कंप्यूटर के कोर्स करने के लिए पैसे देते हैं, उसी तरह मैं यहां राजनीति का कोर्स कर रहा हूं। मुझे खाना और सोने की जगह मिल रही है। कोर्स शुरू किए हुए 15 दिन हो गए हैं। कोर्स खत्म होते ही मैं नेता बन जाऊंगा। यहां मेरी पार्टी में पहले ही 17 लोग शामिल हो चुके हैं।”
मॉल में सुपरवाइजर की नौकरी छोड़ी
विकास कुमार ने हरियाणा के अंबाला से पॉलिटेक्निक का कोर्स किया है। इसके बाद उन्होंने नोएडा में एक हार्डवेयर कंपनी में नौकरी की और फिर दिल्ली-एनसीआर में कई जगहों पर भी काम किया। विकास ने 19 जून को गुरुग्राम के एक मॉल में सुपरवाइजर की नौकरी छोड़ दी क्योंकि वह सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होना चाहते थे।
विकास कुमार बताते हैं कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है और इसलिए शुरुआत में उन्हें नौकरियां करनी पड़ी। विकास कुमार के मुताबिक, जब वह नेता बनेंगे उस वक्त वह अमीर नहीं होंगे लेकिन उनके पास गरीब लोगों की आवाज उठाने की ताकत होगी।
विकास ने 3 मिनट 20 सेकंड का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से तैयार किया गया एक वीडियो दिखाया। इसमें दिखाया गया है कि उनकी पार्टी का रोड शो कैसा होगा। वह बताते हैं कि उनके दोस्त उनकी नई पार्टी को लेकर काफी उत्साहित हैं।
प्रमुख लोगों ने दिया आंदोलन को समर्थन
सीजेपी के इस आंदोलन को कई हस्तियों का समर्थन मिल चुका है। इनमें लेखिका अरुंधति रॉय, सीपीएम नेता वृंदा करात और जॉन ब्रिटास, स्वराज इंडिया के संस्थापक योगेंद्र यादव और आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह शामिल हैं।
आंदोलन में शामिल लोगों का कहना है कि वह संघर्ष जारी रखेंगे। यहां पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के नारे भी लोग लगाते रहते हैं।
कश्मीर के बारामूला से आए हैं जाहिद
आंदोलन में मौजूद जाहिद कश्मीर के बारामूला से आए हैं। उनके साथ दो दोस्त भी आए हैं। जाहिद यहां पर लोगों को खाना और पानी बांटते हैं। जाहिद कहते हैं कि सीजेपी की बात सही है और उन्हें इस आंदोलन में शामिल होने से हिम्मत मिली है।
जाहिद ने दिल्ली के ही लाजपत नगर में 1,800 रुपये हर दिन के किराए पर एक कमरा लिया है। वह थोड़ी देर वहां आराम करने जाते हैं और फिर आंदोलन वाली जगह पर आ जाते हैं। जाहिद बताते हैं कि दिल्ली में प्रदर्शन करना काफी सुरक्षित है लेकिन कश्मीर में पुलिस हमारे सामने खड़ी हो जाती है। वहां पर पैलेट गन और आंसू गैस का इस्तेमाल होता है। इसी तरह दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले विनोद भी आंदोलन में शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- विरोध प्रदर्शन को लोकतंत्र का हिस्सा मानती है बीजेपी
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को पेपर लीक और दूसरे परीक्षा विवादों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पर समर्थन मिल रहा है। इस मामले में बीजेपी के नेताओं का क्या कहना है? यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
