कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास शनिवार को दक्षिण दिल्ली स्थित अपने आवास पर दिवाली पार्टी आयोजित करेंगे। सौरव दाल की इस दिवाली पार्टी में कई विभिन्न राजनीतिक दलों के कई वरिष्ठ नेता और जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।

सौरव दास द्वारा आयोजित किए जा रहे इस कार्यक्रम में कॉकरोच जनता पार्टी के नेता, जिनमें सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके और पार्टी सदस्य आशुतोष रांका भी शामिल होंगे।

सूत्रों के मुताबिक, सीजेपी के इन तीनों नेताओं ने बहुत सोच-समझकर 75 लोगों की एक हाई प्रोफाइल गेस्ट लिस्ट तैयार की है। सूत्रों ने यह भी बताया है कि कॉकरोच जनता पार्टी ने कांग्रेस को छोड़कर अन्य विपक्षी दलों के कई सांसदों और नेताओं को आमंत्रित किया है। पार्टी की थीम फ्लोरल (Floral) रखी गई है।

रैली में शामिल हों- राहुल गांधी

वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को देशभर के छात्रों से इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर किया जाएगा। राहुल गांधी ने छात्रों से कहा कि वे पुलिस और लाठियों से न डरें। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में इस तरह की कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं होगी।

वायनाड के सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुए लिखा, “पुलिस की चिंता मत कीजिए, लाठियों से मत डरिए। भाजपा में इस तरह की हरकत करने की हिम्मत नहीं होगी। हमारे साथ मार्च में आइए। हम संविधान और देश की रक्षा के लिए साथ चलेंगे।”

राहुल गांधी एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले ‘चलो दिल्ली रामलीला मार्च’ का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि यह किसी एक राजनीतिक दल का प्रदर्शन नहीं होगा, बल्कि उन सभी लोगों का साझा विरोध होगा, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से परेशान हैं।

गांधी ने कहा, “डरने की कोई जरूरत नहीं है। मैं सभी छात्र संगठनों से अपील करता हूं कि वे हमारे साथ आएं, चाहे उनका किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ाव हो। अगर आपको लगता है कि भारत पर हमला हो रहा है, अगर आपको लगता है कि आप पर, आपकी अभिव्यक्ति, आपके विचारों और आपके सोचने के तरीके पर हमला हो रहा है, तो हमारे साथ जुड़िए। यह एक शानदार मार्च होगा और देश की आत्मा के लिए होगा। मैं आप सभी से वहां मिलने की उम्मीद करता हूं।”

‘दिवाली के बाद कराएं INDIA ब्लॉक की रैली’, त्योहारी सीजन में बढ़ सकती है मुश्किलें, दिल्ली के व्यापारियों ने लिखी चिट्ठी

दिल्ली के व्यापारियों ने दिवाली के दौरान कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताते हुए राहुल गांधी से INDIA ब्लॉक की 1 नवंबर की रैली टालने की अपील की है। व्यापारियों के मुताबिक, त्योहारों में लगभग 25 हजार करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। पढ़ें पूरी खबर।