Cockroach Janta Party founder Abhijit Dipke: दिल्ली की एक अदालत ने कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को शनिवार को जमानत दे दी है। अभिजीत दीपके को सशर्त जमानत दी गई है और उनसे शांति बनाए रखने संबंधी बॉण्ड पर हस्ताक्षर करवाए गए। दीपके को विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (एसईएम) की अदालत में पेश किया गया। 

शुक्रवार को कनॉट प्लेस में सीजेपी के ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली के झंडेवालान स्थित घर से बाहर निकलते ही दीपके को हिरासत में ले लिया गया था। उन्हें 10 अक्टूबर को दिए गए शांति बॉण्ड का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि शांति बॉण्ड में दिए गए आश्वासन के आधार पर उन्हें छोड़ दिया गया।

इससे पहले, दस अक्टूबर को जब अभिजीत दीपके को हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया था, तब भी शांति भंग करने का एक अलग मामला दर्ज किया गया था। उस समय उनसे एक साल तक शांति बनाए रखने के मुचलके पर हस्ताक्षर कराए गए थे। 

नेहा बोरा को किया गया रिहा

इससे पहले ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा को रिहा कर दिया गया था। दिल्ली पुलिस ने बताया कि दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत हिरासत से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बोरा को रिहा कर दिया गया।

रिहा होने के बाद नेहा बोरा ने दिल्ली पुलिस और केंद्र की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला और हिरासत में लेने की कार्रवाई को गैर-कानूनी करार दिया।

ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगा

नेहा बोरा ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को या तो इस्तीफा देना चाहिए या फिर महाभियोग चलाकर उन्हें जेल भेजा जाए। साथ ही एसआईआर प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगनी चाहिए। 

कनॉट प्लेस में कड़ी सुरक्षा

कनॉट प्लेस में तिरंगा मार्च के दौरान पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया था। कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में सुरक्षाकर्मियों की घेराबंदी है और पार्क के भीतर आरएएफ के जवान तैनात हैं। कनॉट प्लेस के इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी तैनात किया गया है। सेंट्रल पार्क को दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- ‘हमें अराजकतावादी साबित करने की कोशिश…’

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नुकसान तब होता है जब सरकार पूरे शहर को बंद कर देती है, इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर देती है, अपने ही नागरिकों की आवाजाही पर रोक लगा देती है और शहर को युद्धक्षेत्र में बदल देती है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।