Abhijeet Dipke News: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि उन्होंने ऐसा कोई बॉन्ड नहीं भरा है जिसमें प्रदर्शन नहीं करने की शर्त रखी गई हो। दिल्ली की एक स्थानीय अदालत ने अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को रविवार सुबह जमानत दे दी थी।
इन तीनों ही लोगों को शनिवार को दिल्ली में विमान से उतरने से पहले ही हिरासत में ले लिया गया था। तीनों सीजेपी के द्वारा जंतर-मंतर पर बुलाए गए प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आए थे।
अभिजीत दीपके ने रविवार को अपने X हैंडल पर कहा, “हमने ऐसा कोई बॉन्ड साइन नहीं किया है जिसमें कहा गया हो कि हम विरोध नहीं करेंगे। हम फिर से सड़कों पर उतरेंगे।”
सीजेपी की लीगल हेड रत्ना सिंह ने बताया कि अदालत ने तीनों को इस शर्त पर रिहा करने का आदेश दिया है कि वे एक साल तक किसी भी तरह की शांति भंग करने वाली गतिविधि में शामिल नहीं होंगे। उसके बाद से ही यह कहा जा रहा था कि अब सीजेपी के नेता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे लेकिन अब अभिजीत दीपके ने अपने ताजा बयान से यह संदेश देने की कोशिश की है कि उनका आंदोलन जारी रहेगा।
बीस से ज्यादा FIR दर्ज
दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में बीस से ज्यादा एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस ने बताया कि इन एफआईआर में पुलिसकर्मियों पर हमला करने और सरकारी कर्मचारियों को उनके काम में बाधा पहुंचाने सहित कई अन्य आरोप लगाए गए हैं।
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को जंतर-मंतर पर पहुंचे 7000 से ज्यादा लोगों को हिरासत में ले लिया था। दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली के इलाके में 30 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया है।
यह भी पढ़ें- ‘ज्ञानेश कुमार के पास ऐसी क्या जानकारी है जो सरकार उन्हें बचा रही?’
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने रिहाई के बाद आरोप लगाया कि शनिवार को विमान से उन्हें अगवा कर लिया गया था। सौरव दास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि पूरा देश आपातकाल जैसी स्थिति का सामना कर रहा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
