कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके को जयपुर में प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने कथित रूप से थप्पड़ मारे। यह घटना उस समय हुई जब अभिजीत दीपके के समर्थक उन्हें कंधों पर लेकर जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने इस मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
यह घटना उस समय हुई जब शहीद स्मारक में बड़ी संख्या में CJP समर्थक NEET पेपर लीक और बेरोजगारी के विरोध में प्रदर्शन के लिए जमा हुए थे।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अभिजीत दीपके जैसे ही प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे, उन्हें कुछ समर्थकों ने कंधे पर उठा लिया लेकिन तभी कुछ युवाओं कथित तौर पर उन्हें थप्पड़ मारे।
इस घटना के तुरंत बाद CJP समर्थकों ने आरोपियों को पकड़ लिया और पुलिस द्वारा रोके जाने से पहले उनकी पिटाई कर दी।
हमले के बाद क्या बोले अभिजीत दीपके?
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, अभिजीत दीपके ने हमले के बाद कहा, “जब मैं प्रवेश कर रहा था, तब मुझे मारा गया। भले ही कितने हमले हो, हमें हाथ नहीं उठाना है। हाथ डरपोक लोग उठाते हैं। एक नहीं सौ हमले करो, हमें चुप नहीं कर सकते।”
प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने NEET पेपर लीक का विषय उठाया। उन्होंने कहा, “राजस्थान के मंंत्री कहते हैं कि NEET पेपर लीक बड़ा विषय नहीं है। तुमने अपने बच्चों को अमेरिका भेजा है, मैं अमेरिका में था। मैंने उनके साथ पढ़ाई की है। पिछले साल झालवाड़ में एक स्कूल गिर गया, जिसमें छह-सात बच्चे मारे गए लेकिन क्या उसमें किसी विधायक का बच्चा था…”
अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन के दौरान यह भी कहा, “मैं महामानव से पूछना चाहता हूं, तुमने रूस और यूक्रेन का युद्ध रोका लेकिन तुम पेपर लीक नहीं रोक पाए। तुम मुझे पाकिस्तानी कहते हो, जो लोग यहां जमा हुए हैं, उन्हें पाकिस्तानी कहते हो और और सवाल पूछने वाली मीडिया को पाकिस्तानी कहते हैं।”
कौन है अभिजीत दीपके?
30 वर्षीय अभिजीत दीपके CJP के फाउंडर हैं। वह डिजिटल पॉलिटिकल मैसेजिंग, नैरेटिव बिल्डिंग और ऑनलाइन कैंपेन स्ट्रैटेजी के क्षेत्र में अपने काम के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने पुणे से जर्नलिज्म की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने कुछ ही समय पहले अमेरिका स्थित बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में मास्टर डिग्री ली।
अभिजीत दीपके ने साल 2020 से 2023 के बीच आम आदमी पार्टी के साथ काम किया। वह आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया और चुनावी कैंपेन में शामिल रहे। साल 2020 में जब AAP ने केजरीवाल के नेतृत्व में जीत हासिल की थी, तब 24 साल के दीपके ने AAP के लिए मीम-आधारित डिजिटल कैंपेन में योगदान दिया था।
यह भी पढ़ें: CJP को कॉकरोच चुनाव चिन्ह मिल सकता है या नहीं?
यदि भविष्य में कॉकरोच जनता पार्टी खुद को एक राजनीतिक दल के रूप में पंजीकृत कराना चाहे तो क्या चुनाव आयोग उसे कॉकरोच का चुनाव चिन्ह भी देगा? पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
