कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार को दिल्ली में पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी से मुलाकात की। दीपके ने ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर इंडिया गठबंधन की रैली को समर्थन दिया।
दीपके ने स्पष्ट किया कि सीजेपी अपनी स्वतंत्र पहचान बनाए रखेगी और विपक्षी दलों द्वारा आयोजित रैली में शामिल नहीं होगी।
अभिजीत दीपके ने बताया कि उन्होंने ममता बनर्जी से मुलाकात करके उनका आभार जताया। दीपके ने कहा, “मैं बस दीदी को धन्यवाद देने आया था क्योंकि उन्होंने जंतर-मंतर पर हमारे पहले आंदोलन का जिस तरह से समर्थन किया, वह युवाओं के आंदोलन के साथ हमेशा मजबूती से खड़ी रहीं। जब दिल्ली पुलिस ने सौरव और आशुतोष को गिरफ्तार किया, तब भी दीदी हमारे साथ पूरी मजबूती से खड़ी थीं।”
जब अभिजीत दीपके से पूछा गया कि क्या सीजेपी रविवार को रामलीला मैदान में होने वाली रैली में मौजूद रहेगी तो दीपके ने कहा कि उनका संगठन इस विरोध प्रदर्शन का समर्थन तो करता है लेकिन वह स्वतंत्र रूप से ही काम करता रहेगा।
सीजेपी संस्थापक ने कहा, “हम कल के विरोध प्रदर्शन का समर्थन करते हैं, हम उनके साथ हैं लेकिन कॉकरोच जनता पार्टी एक स्वतंत्र संगठन है, यह एक निष्पक्ष प्लेटफॉर्म है और हम इसे ऐसा ही बनाए रखना चाहते हैं।”
‘वोट चोरी’ के खिलाफ लड़ाई को दिया समर्थन
दीपके ने कहा कि सीजेपी उन सभी संगठनों का समर्थन करेगी जो ‘वोट चोरी’ के खिलाफ लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, “जो कोई भी इस ‘वोट चोरी’ के खिलाफ लड़ेगा, हम उन सभी संगठनों का समर्थन करेंगे।”
पूर्व सीएम ममता बनर्जी दिल्ली में हैं और रविवार की रैली में शामिल होंगी। ममता बनर्जी ने दीपके और युवा कार्यकर्ताओं की तारीफ की। उन्होंने मतदाता सूची के ‘विशेष गहन संशोधन’ (एसआईआर) और चुनाव आयोग के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों में उनकी भूमिका की सराहना की।
ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें सीजेपी के कार्यकर्ताओं से मिलकर खुशी हुई और उन्होंने तमाम मुश्किलों के बावजूद विरोध प्रदर्शन जारी रखने के उनके प्रयासों की सराहना की।
रैली से पहले हुई मुलाकात
दीपके की बनर्जी से यह मुलाकात रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली से एक दिन पहले हुई है। इस रैली में विपक्षी दल कथित चुनावी गड़बड़ियों का मुद्दा उठाएंगे और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेंगे।
यह भी पढ़ें- ‘हम जामिया के साथ हैं’
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि उनकी पार्टी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वाले हर व्यक्ति के साथ खड़ी है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
