संसद मार्च के बीच कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात की है। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य सौरव दास ने बताया कि करीब दो घंटे के इंतजार के बाद हुई इस मुलाकात में मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। नड्डा ने आंतरिक स्तर पर बातचीत का आश्वासन दिया। इसके साथ ही सौरव ने बड़े पैमाने पर हिरासत में लिए जाने की खबरों का भी जिक्र किया।

सौरव दास ने कहा, ”2 घंटे से अधिक इंतजार के बाद आशुतोष रांका और उनकी मुलाकात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से उनके आवास पर हुई। यह मुलाकात करीब 10 मिनट तक चली। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित एक लिखित पत्र जे.पी. नड्डा को सौंपा। इस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि पत्र पर औपचारिक प्रक्रिया के साथ-साथ वह आंतरिक स्तर पर भी इस विषय पर बातचीत करेंगे।”

सौरव ने आगे कहा कि फिलहाल इस संबंध में बातचीत की प्रक्रिया जारी है। वहीं दूसरी ओर बड़े पैमाने पर हिरासत (Mass Detention) की खबरें भी सामने आ रही हैं।

सीजेपी ने दी थी सरकार से बातचीत की जानकारी

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोमवार को दावा किया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरू होने के बाद पहली बार केंद्र सरकार ने उनसे बातचीत के लिए संपर्क किया है जिससे दोनों पक्षों के बीच वार्ता की संभावना बन गई है।

सौरव दास ने कहा था कि संगठन की ओर से आशुतोष रांका और वह खुद सरकार से बातचीत के लिए भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मिलने जा रहे हैं। इससे पहले सौरव दास ने दावा किया था कि प्रशासन ने उनसे बातचीत की पहल की है और वह सरकार से बात करने के लिए तैयार हैं।

सीजेपी के संसद मार्च से जुड़े लेटेस्ट अपडेट्स यहां पढ़ें

सौरव दास ने कहा, ”सुबह सरकार की ओर से बातचीत के लिए संपर्क किया गया था। हमारी मांगें बिल्कुल स्पष्ट हैं। बड़ी संख्या में युवा इस आंदोलन में जुटे हैं। हम जीतेंगे!”

आपको बता दें कि CJP से जुड़े कार्यकर्ता अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत की पहल की गई है।

सौरव दास का दावा

इससे पहले सौरव दास ने कहा था कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सरकार के साथ बातचीत की इच्छा जताई है। सीजेपी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने दावा किया कि प्रशासन की ओर से बातचीत की कोशिश की जा रही है लेकिन अभी तक सरकार की तरफ से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला है। सौरव दास ने कहा, ”प्रशासन, सरकार के साथ बातचीत शुरू कराने की कोशिश कर रहा है। वे काफी देर से आए हैं लेकिन हमने खुले मन से कहा है कि हम बातचीत के लिए तैयार हैं। फिलहाल उनकी ओर से कोई स्पष्टता नहीं है। अब गेंद उनके पाले में है।”

पुलिस ने किया लाठीचार्ज

इस बीच, जब कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थकों ने मार्च शुरू किया तो पुलिस ने संसद मार्ग के पास प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया और कुछ को हिरासत में ले लिया। शुरुआत में डीएमआरसी की ओर से पांच मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया था। डीएमआरसी ने बताया कि सुरक्षा कारणों से राजीव चौक, जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन को बंद किया गया है। इस वजह से सैकड़ों यात्री फंस गए और कई लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

दो दिन की भूख हड़ताल के बाद अभिजीत दीपके ने तोड़ा अनशन

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोमवार को अपना अनशन समाप्त कर दिया है। शनिवार को जब सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से हटाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया था तो इसके बाद अभिजीत दीपके अनशन पर बैठ गए थे।