सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने शनिवार को दावा किया है कि पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का स्वास्थ्य तेजी से गिर रहा है। सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे हैं और आज उनके अनशन का सातवां दिन है।
इस बीच, सीजेपी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को तेज कर दिया है। NEET- UG सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके युवाओं के साथ जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
दीपके ने कहा कि भूख हड़ताल पर बैठने के बाद सोनम वांगचुक का वजन 5 किलो कम हो गया है। उन्होंने सवाल उठाया है कि धर्मेंद्र प्रधान को अब तक पद से क्यों नहीं हटाया गया?
अभिजीत दीपके ने कहा, “सोनम वांगचुक की सेहत हर दिन बिगड़ती जा रही है, प्रधानमंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने के लिए और कितना इंतजार करेंगे?” दीपके ने कहा कि 20 छात्रों की मौत के बाद भी प्रधानमंत्री उन्हें पद से हटाने के लिए तैयार क्यों नहीं हैं।
अभिजीत के मुताबिक, जब तक धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती सोनम वांगचुक भूख हड़ताल खत्म नहीं करेंगे। उन्होंने लोगों से वांगचुक के समर्थन में जंतर-मंतर पर जुटने की अपील की है।
कई नेताओं ने दिया समर्थन
सीजेपी के आंदोलन को कई राजनीतिक दलों के नेताओं और संगठनों ने समर्थन मिला है। अब तक सीपीएम के महासचिव एमए बेबी, वृंदा करात, सीपीआई के महासचिव डी. राजा, सीपीआई (एमएल) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव, सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण, सीपीआई नेता एनी राजा, आरटीआई कार्यकर्ता निखिल डे और टीएमसी सांसद सागरिका घोष और महुआ मोइत्रा ने आंदोलन को समर्थन दिया है।
यह भी पढ़ें- ‘ठूस-ठूसकर आप यहां खाना खाते हैं…’
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन में सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थकों से नाराज दिखे और उन्होंने यह तक कह दिया कि आप ठूस-ठूसकर खाना खा रहे हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
