CJP Protest Bangalore: बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में वोटर लिस्ट के SIR के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने ‘जनता न्यायालय’ प्रदर्शन किया। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘लोकतंत्र की हत्या’ और ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि SIR के जरिए चुनावी प्रक्रिया और मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है।
सीजपी संयोजक दीपके ने कहा कि अब समय सड़कों पर उतरकर इस मुद्दे के खिलाफ आवाज उठाने का है। उन्होंने कहा कि CJP अपना आंदोलन जारी रखेगी और ‘लोकतंत्र को वापस हासिल करने’ तक संघर्ष करती रहेगी। दीपके ने यह भी कहा कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते।
प्रदर्शन के दौरान दीपके ने समर्थकों से ‘नरेंद्र मोदी वोट चोर’ का नारा लगाने को कहा। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वोटर लिस्ट में लोगों के नाम से जुड़े सवालों को लेकर सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा।
CJP संस्थापक ने आरोप लगाया कि SIR के जरिए बड़ी संख्या में लोगों को मतदाता सूची से बाहर किए जाने की आशंका है। उन्होंने खास तौर पर युवाओं और Gen Z के वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने के मुद्दे को उठाया। हालांकि ये सभी आरोप दीपके और CJP की ओर से लगाए गए हैं।
फ्रीडम पार्क में हुए प्रदर्शन में यूट्यूबर ध्रुव राठी और अभिनेता-कार्यकर्ता प्रकाश राज भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने SIR प्रक्रिया को वापस लेने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ जैसे नारे भी लगाए गए।
CJP ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवा नेतृत्व में एक और प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी ने कहा है कि वह ‘वोट चोरी’, चुनावी अनियमितताओं और Gen Z के वोटर लिस्ट से बाहर होने के मुद्दे को लेकर अपना अभियान जारी रखेगी।
‘मोदी-शाह के इशारे पर काम कर रहे ज्ञानेश कुमार…’
अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राज ने आरोप लगाया है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के इशारे पर काम कर रहे हैं। प्रकाश राज बृहस्पतिवार को बेंगलुरु में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और सिविल सोसाइटी के संगठनों के द्वारा बुलाए गए विरोध प्रदर्शन में मौजूद लोगों को संबोधित कर रहे थे। पढ़ें पूरी खबर…
