कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए दिल्ली पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। पार्टी ने पुलिस से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तारीख और समय तय करने को कहा है। सीजेपी के नेता आशुतोष रांका और सौरव दास सोमवार को इस मांग को लेकर संसद मार्ग पुलिस थाने पहुंचे।

CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि पुलिस आमतौर पर किसी भी प्रदर्शन की अनुमति के लिए आयोजकों से 10 दिन पहले संपर्क करने को कहती है। पुलिस की हमेशा शिकायत रहती है कि 10 दिन पहले आइये लेकिन इस बार पार्टी ने प्रदर्शन की तारीख और समय तय करने का फैसला पुलिस पर छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले को लंबित नहीं रख सकती और उसे 24 घंटे के भीतर जवाब देना होगा।

वहीं आशुतोष रांका ने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस प्रदर्शन के लिए तारीख तय नहीं करती है तो पार्टी अगले 24 घंटे के भीतर फिर से प्रदर्शन का आह्वान करेगी। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तारीख देती है तो पार्टी 24 घंटे के भीतर तय जगह पर जुटेगी।

रांका ने कहा, ”हम दिल्ली पुलिस से पूछने आए हैं कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कब कर सकते हैं। हमें उम्मीद है कि पुलिस हमें तारीख देगी। तय प्रदर्शन स्थल पर विरोध करने में क्या परेशानी हो सकती है? पुलिस को हमसे बात करनी चाहिए।”

SIR में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर प्रदर्शन

CJP ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया था। पार्टी ने रविवार को कहा था कि वह अपना विरोध जारी रखेगी।

इससे पहले 10 अक्टूबर को पुलिस ने जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोक दिया था। इस दौरान दिल्ली में हजारों लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई थी।

त्योहार के मौसम में पाबंदियों पर भी उठाए सवाल

आशुतोष रांका ने दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर लगाए गए प्रतिबंधों की भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि इन पाबंदियों से कारोबारियों को परेशानी हो रही है और त्योहार के मौसम में दुकानों को बंद करना पड़ रहा है।

CJP के सह-संस्थापक सौरव दास ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि पार्टी पुलिस को तारीख और समय तय करने का मौका दे रही है। लेकिन मामले को अनिश्चितकाल तक लंबित नहीं रहने देगी।

‘सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले’, CJI सूर्यकांत ने विपक्षी नेताओं को क्यों नहीं दिया मिलने का समय, बताई वजह

विपक्षी नेताओं से मुलाकात के सवाल पर सीजेआई सूर्यकांत ने स्पष्ट किया कि उन्होंने मिलने में असमर्थता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस बारे में विपक्षी नेताओं को चिट्ठी लिखकर कारण भी बता दिए गए हैं।

विपक्ष के सीजेआई से मिलने का समय मांगने के सवाल पर सीजेआई ने कहा, ”मुझे कल उनका लेटर मिला है, कल रात को उसका जवाब दे दिया है। लेटर उनका परसों का है, मैं बाहर था तो मुझे कल मिला। मैंने कुछ कारण दिए हैं जिनकी वजह से मैंने असमर्थता व्यक्त की है कि मैं मिल नहीं पाऊंगा।”