Cockroach Janata Party Jantar Mantar Protest: मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के जंतर-मंतर पर शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शन की दिल्ली पुलिस ने अनुमति नहीं दी है। पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं।
राजधानी में 25 हजार सुरक्षा कर्मियों को तैनात करने के साथ ही 45 मेट्रो स्टेशन और नई दिल्ली जिले में मोबाइल इंटरनेट को बंद कर दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि ऐसा राजधानी में कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए किया गया है।
जंतर-मंतर के चार किलोमीटर के दायरे में शुक्रवार रात 10 बजे से शनिवार रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस फैसले को मंजूरी दे दी है। यह फैसला सभी मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर लागू होगा। पुलिस ने कहा है कि दिल्ली के बाकी हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं चालू रहेंगी।
नई दिल्ली जिले को 20 जोन में बांटा
सूत्रों ने यह भी बताया सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नई दिल्ली जिले को 20 जोन में बांटा गया है। सभी 20 में से हर जोन की निगरानी का जिम्मा एक संयुक्त पुलिस आयुक्त, एक पुलिस उपायुक्त और एक अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त को दिया गया है। नई दिल्ली रेंज की संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) नूपुर प्रसाद ने कहा कि प्रदर्शन की अनुमति के लिए सीजेपी के सह-संयोजक सौरव दास की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन की अनुमति के लिए आवेदन सात अक्टूबर को दिया गया।
जेपीसी ने कहा कि नियमों के अनुसार, ऐसे आवेदन कम से कम 10 दिन पहले जमा करने होते हैं। प्रसाद ने जुलाई में हुए प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा कि इससे पहले भी सीजेपी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति दी गई थी लेकिन उस दौरान संगठन ने कानूनी निर्देशों और अपने वादों का पालन नहीं किया था।
बीएनएसएस की धारा 163 लागू
नूपुर प्रसाद ने कहा कि नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि धारा 163 का उल्लंघन करने, तोड़फोड़ करने या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत दिल्ली पुलिस ने कई स्थानों पर ‘मॉक ड्रिल’ की।
एहतियात के तौर पर दिल्ली भर में शराब की दुकानें नौ और 10 अक्टूबर को बंद रखने का आदेश दिया गया है।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के अनुसार, नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को छोड़कर सभी प्रभावित स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध रहेगी। कुल 45 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट की सुविधा नहीं मिलेगी। शनिवार तड़के चार बजे से दोपहर दो बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर आने या जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बढ़ाई निगरानी
इस बीच, पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी बढ़ा दी है और 200 से अधिक ‘कंटेंट क्रिएटर’ जांच के दायरे में हैं। दिल्ली की सीमाओं पर भी कड़ी निगरानी की जा रही है और अतिरिक्त सुरक्षा कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस मस्जिदों और मंदिरों से भी अपील जारी कर लोगों से शांति बनाए रखने का आग्रह कर रही है। एयरपोर्ट की ओर जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाते समय जाम और सुरक्षा जांच का ध्यान रखें।
यह भी पढ़ें- ‘सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे’
विपक्षी इंडिया गठबंधन के नेताओं ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर वोट चोरी का मुद्दा उठाया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू ने उनकी बातों को खारिज नहीं किया और इससे जुड़े सबूत मांगे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
