Cockroach Janata Party Protest: कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को रविवार को रिहा कर दिया गया। उन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किए जाने वाले प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था। उनके वकील एडवोकेट सौतिक बनर्जी ने कहा, “तीनों को रिहा कर दिया गया है। वे अब यहां से जा सकते हैं।”

कॉकरोच जनता पार्टी की लीगल टीम की हेड रत्ना सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट में इस बात की पुष्टि की कि कोर्ट ने अभिजीत, सौरव और आशुतोष को रिहा कर दिया है। सीजेपी ने अपने नेताओं की रिहाई का स्वागत करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस उन्हें रिहा करने के लिए मजबूर हुई थी। कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “आखिरकार दिल्ली पुलिस अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को रिहा करने के लिए मजबूर हो गई। कॉकरोच कभी नहीं मरते।”

दिल्ली पुलिस ने बयान जारी कर क्या कहा?

दिल्ली पुलिस ने बयान जारी कर कहा, “अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरभ दास को 10.10.2026 को बीएनएसएस की धारा 126/170 के तहत निवारक गिरफ्तारी के तहत गिरफ्तार किया गया था। सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए उन्हें आज दिल्ली कैंट स्थित एसईएम कोर्ट में पेश किया गया। एक वर्ष की अवधि के लिए शांति और अच्छे व्यवहार को बनाए रखने के लिए 50,000 रुपये का जमानत बांड भरा गया और एसईएम कोर्ट ने उन्हें रिहा कर दिया।”

कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं को हिरासत में क्यों लिया गया था?

दिल्ली पुलिस की एक टीम प्लेन के लैंड करते ही उसमें चढ़ गई और तीन नेताओं को हिरासत में लेने लगी। इस दौरान साथ सफर कर रहे दूसरे यात्री यह सब देखते रहे और इस घटना का वीडियो भी बनाते रहे। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में अभिजीत दिपके अधिकारियों से बहस करते और यह कहते हुए दिख रहे हैं कि वह गिरफ्तार होने के लिए ही दिल्ली आए हैं। उन्हें तब हिरासत में लिया गया जब सीजेपी जंतर-मंतर पर वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ी और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने वाली थी। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए इस प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी थी।

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन का दूसरा दिन

बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी ने आज यानी रविवार को जंतर-मंतर पर एक और विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। शनिवार के प्रदर्शनों और सामूहिक गिरफ्तारियों के मद्देनजर दिल्ली पुलिस राजधानी भर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करेगी। लगभग 30,000 पुलिसकर्मी, अर्धसैनिक बलों की 200 कंपनियों तैनात रहेगी। साथ ही संसद स्ट्रीट और जंतर-मंतर पर बैरिकेड्स यथावत रहेंगे।

कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे ने एक्स पर एक पोस्ट में ‘चलो जंतर मंतर’ विरोध प्रदर्शन की घोषणा की और समर्थकों से रविवार को इकट्ठा होने का आग्रह किया। शिंदे ने कहा, “हम जंतर-मंतर पर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग लेकर गए थे, जिन्होंने 12 करोड़ मतदाताओं के मतदान अधिकार छीन लिए थे, लेकिन मोदी और शाह के नेतृत्व वाली इस तानाशाही सरकार ने हमारे सभी नेताओं अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरभ दास के साथ-साथ सभी छात्र नेताओं और स्वयंसेवकों को भी हिरासत में ले लिया।”

उन्होंने कहा, “उन्हें लगता है कि अगर वे आज हमें हिरासत में ले लेंगे, तो हम डर के मारे पीछे हट जाएंगे। मोदी और शाह का यह डर दर्शाता है कि हमने आधी लड़ाई पहले ही जीत ली है। यह एक नए संघर्ष की शुरुआत है। मैं मोदी और शाह को बताना चाहता हूं कि हम उनके अहंकार को उसी तरह तोड़ेंगे जैसे हमने पहले तोड़ा था। हम ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा सुनिश्चित होने तक विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे।”

यह भी पढे़ं: ‘दिल्ली को बंधक नहीं बनने देंगे’, कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन पर भड़कीं सीएम रेखा गुप्ता; हिरासत में लिए गए 7000 से ज्यादा लोग

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा घोषित करने के लिए दिल्ली पुलिस और केंद्रीय बलों ने शुक्रवार रात से ही सख्त नियम लागू किए गए थे। सुरक्षाबलों ने इस विरोध प्रदर्शन को विफल करने के लिए शुक्रवार रात और शनिवार को पूरे दिन व्यापाक कार्रवाई की। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…