विपक्ष ने गुरुवार को घोषणा की कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। दूसरी तरफ, कॉकरोच जनता पार्टी ने लोगों से शनिवार को एक और धरना-प्रदर्शन के लिए जुटने की अपील की है। इसको देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अधिकारियों और पुलिस ने सुरक्षा को लेकर कई कदम उठाए हैं।
शहर की पुलिस की सहायता के लिए 23,000 केंद्रीय बलों के जवानों को बुलाया गया है। पांच महिला अर्धसैनिक कंपनियां ड्यूटी पर रहेंगी, शराब की दुकानें दो दिनों के लिए बंद रहेंगी और मध्य दिल्ली के होटलों को कमरों की बुकिंग सीमित करने के लिए कहा गया है।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने शनिवार को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का संयुक्त रूप से आह्वान किया है, और कई विपक्षी दलों के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है। दिल्ली पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस की खुफिया इकाई का अनुमान है कि पड़ोसी राज्यों से आने वाले लोगों सहित 50,000 से अधिक लोग शहर में जमा हो सकते हैं। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर या मध्य दिल्ली के संवेदनशील इलाकों तक पहुंचने से रोकना है।
2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के बाद से राजधानी में किसी विरोध प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय बलों की यह अब तक की सबसे बड़ी तैनाती में से एक है। गृह मंत्रालय ने 8 से 12 अक्टूबर तक दिल्ली पुलिस को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 221 कंपनियां, लगभग 23,000 कर्मी उपलब्ध कराए हैं।
जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ से सीआरपीएफ की कंपनियां बुलाई जा रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि अतिरिक्त बल दिल्ली पुलिस को प्रदर्शनों को संभालने, महत्वपूर्ण सरकारी इमारतों की सुरक्षा करने और मध्य दिल्ली में कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद करेंगे।
महिला प्रदर्शनकारियों की भारी संख्या में उपस्थिति की आशंका को देखते हुए दिल्ली पुलिस भीड़ से निपटने में मदद के लिए 450-500 अतिरिक्त महिला अर्धसैनिक कर्मियों को भी तैनात करेगी, जिससे तैनात सीएपीएफ कर्मियों की कुल संख्या 26,000 हो जाएगी।
दिल्ली पुलिस की महिला कर्मियों के अलावा अतिरिक्त महिला अर्धसैनिक कर्मियों को तैनात किया जाएगा। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि पिछली बार हुए प्रदर्शनों में कई महिलाएं शामिल थीं। अभी भी पिछले कुछ दिनों से हो रहे प्रदर्शनों में बड़ी संख्या में महिलाएं प्रदर्शनकारी हैं। इसलिए, हम मान रहे हैं कि 10 अक्टूबर को भी उनकी संख्या अधिक होगी।
फिलहाल, जंतर-मंतर स्थित नई दिल्ली जिले में 5,000 दिल्ली पुलिस कर्मियों की तैनाती है। अधिकारियों ने बताया कि यह संख्या 15,000 तक जा सकती है। जंतर-मंतर और संसद की ओर जाने वाली सड़कों पर बहुस्तरीय बैरिकेड लगाए जा रहे हैं। राजघाट पर भी निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है ।
सरकार को लिखे एक पत्र में पुलिस ने आबकारी विभाग से शराब विक्रेताओं को शुक्रवार और शनिवार को अपनी दुकानें बंद रखने के लिए कहने का भी अनुरोध किया। जिसमें विरोध प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था की समस्याओं की संभावना का हवाला दिया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस छात्रों को यह सूचित करने की भी कोशिश कर रही है कि 10 अक्टूबर को नई दिल्ली जिले में किसी भी प्रकार का जमावड़ा गैरकानूनी होगा। दिल्ली की बॉर्डर चौकियों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पुलिस शनिवार से पहले दिल्ली में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे लोगों के बड़े समूहों पर नजर रखेगी।
‘क्या हम एक और आपातकाल की ओर बढ़ रहे हैं?’ 10 अक्टूबर के प्रदर्शन से पहले हिरासत में CJP प्रवक्ता
दिल्ली में 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी ने विरोध-प्रदर्शन का ऐलान किया है। इससे पहले पार्टी ने दावा किया कि उसके राष्ट्रीय प्रवक्ता और संगठन के सह-प्रभारी दीपक बालियान को गुरुवार को अलवर पुलिस ने उठाया और बेरहमी से पीटा। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर जंतर-मंतर तक प्रस्तावित मार्च से पहले देश भर से 10000 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। पढ़ें पूरी खबर।
