सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने समाजसेवी अन्ना हजारे को लेकर बयान दिया है। अभिजीत दीपके से जब पत्रकारों ने यह सवाल पूछा कि क्या उनकी टीम अन्ना हजारे से मुलाकात करेगी तो उन्होंने इससे इनकार कर दिया।
अभिजीत ने कहा, ‘मुझे लगता है युवाओं को अब यह चीज हाथ में लेने दो, जो लोग 60-70 के हो गए हैं, वे रिटायर हो जाएं, चाहे पॉलिटिक्स हो या चाहे एक्टिविज्म हो।’
अभिजीत ने कहा, ‘वे रिटायर हो जाएं या किसी आश्रम में बैठ जाएं, यह हमारे फ्यूचर का सवाल है, स्टूडेंट्स के फ्यूचर का सवाल है। अब हमें डिसाइड करने दो कि क्या करना है।’ अभिजीत ने कहा कि कब तक बुड्ढे लोग जिनका सब कुछ हो गया है वे डिसाइड करेंगे।
NEET-UG पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 18 दिन से कॉकरोच जनता पार्टी का जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन जारी है। उधर, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का मंगलवार को दसवां दिन है। अनशन शुरू करने के बाद से वांगचुक का कुल वजन 6.9 किलोग्राम कम हो गया है। अभिजीत ने पूछा है कि सरकार कब जागेगी?
महिला कार्यकर्ताओं की रिकॉर्डिंग करने का आरोप
इस बीच, अभिजीत दीपके ने X पर एक पोस्ट में सवाल उठाया कि सरकार ने पुलिस से प्रदर्शन स्थल पर महिला कार्यकर्ताओं की रिकॉर्डिंग करने के लिए क्यों कहा? उन्होंने कहा, ”सरकार ने पुलिस से महिला कार्यकर्ताओं की रिकॉर्डिंग करने के लिए क्यों कहा? कल रात, कुछ अधिकारी महिला कार्यकर्ताओं की तस्वीरें लेते हुए पकड़े गए। जब उनसे पूछताछ की गई, तो वे मौके से भाग गए।”
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के कई सदस्यों ने भी जंतर-मंतर पर पर अलग मंच से अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रखी।
यह भी पढ़ें- सोनम वांगचुक को भूख हड़ताल का है अनुभव
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को भूख हड़ताल का अनुभव है और वह खुद को संभाल लेंगे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
