सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को भूख हड़ताल का अनुभव है और वह खुद को संभाल लेंगे। अभिजीत दीपके ने एक यूट्यूब चैनल से बातचीत करते हुए कहा कि हम सभी को फिट रहना है और तभी यह लड़ाई लंबे वक्त तक चल पाएगी।
कॉकरोच जनता पार्टी के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का सोमवार को 17वां दिन है। NEET- UG सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए अभिजीत दीपके युवाओं के साथ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। सोनम वांगचुक आंदोलन के समर्थन में भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वांगचुक का भूख हड़ताल का यह 9वां दिन है।
अभिजीत दीपक ने कहा कि उन्हें भूख हड़ताल कर रहे बच्चों की काफी चिंता हो रही है।
प्रोटेस्ट को मैनेज कौन करेगा- दीपके
दीपके ने कहा, ‘हम लोग अपनी जान रिस्क में क्यों डालें, सोनम सर जो कर रहे हैं वह बहुत बड़ा काम है… अगर सारे लोग भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे तो इस प्रोटेस्ट को मैनेज कौन करेगा।’
वांगचुक का वजन लगभग छह किलोग्राम कम हो गया है और यह घटकर 60.95 किलोग्राम रह गया है। वांगचुक ने कहा है कि उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है। आत्महत्या करने वाली नीट अभ्यर्थी रिया कुमारी थापा के माता-पिता भी रविवार को धरना स्थल पर पहुंचे। सीजेपी ने कहा कि वह थापा के माता-पिता के दुख में उनके साथ है। इस बीच, आंदोलन का समर्थन कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने सात जुलाई को अपना प्रतिनिधिमंडल प्रदर्शन स्थल पर भेजने का फैसला किया है।
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के कई सदस्य भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- वांगचुक बोले- ‘ठूस-ठूसकर आप यहां खाना खाते हैं…’
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन में सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थकों से नाराज दिखे और उन्होंने यह तक कह दिया कि आप ठूस-ठूसकर खाना खा रहे हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
