कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके बुधवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे। दीपके अपने साथियों सौरव दास, अजिंक्य शिंदे और आशुतोष रांका से मिलने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं। जैसे ही वह एयरपोर्ट के बाहर आए तो वहां कुछ लोग इकट्ठा हो गए।

एयरपोर्ट के बाहर मौजूद एक शख्स ने चिल्ला कर कहा, “अरे क्यों देश को खराब कर रहा है भाई…।”

साथियों को भेजा गया तिहाड़

दिल्ली के जंतर-मंतर में जबरन घुसने के आरोप में सीजेपी के नेताओं- सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, शांति बनाए रखने के मुचलके के उल्लंघन और प्रदर्शन के लिए डी-नोटिफाई घोषित किए जा चुके जंतर-मंतर में जबरन घुसने के आरोप में दास और रांका के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।

अजिंक्य शिंदे को छह महीने तक शांति बनाए रखने और अच्छा व्यवहार करने के लिए पांच हजार रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की जमानत पर पाबंद कर रिहा कर दिया गया।

अघोषित आपातकाल लागू करने का आरोप

इससे पहले, अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में अघोषित आपातकाल लागू कर रहे हैं। दीपके ने पत्रकारों से पूछा कि सौरव दास और आशुतोष रांका ने जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराकर कौन सा अपराध कर दिया है?

दीपके ने कहा, ”मैं (प्रधानमंत्री) नरेंद्र मोदी से कहना चाहता हूं कि अगर आप देश में आपातकाल लगाना चाहते हैं, तो इसकी आधिकारिक घोषणा कीजिए।” उन्होंने कहा, ”यह क्या है? कायरों की तरह काम करना और अघोषित आपातकाल लगाना, जहां जंतर-मंतर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने पर लोगों को पांच दिन की हिरासत में रख लिया जाता है? ऐसा तो (1975 में इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए) आपातकाल के दौरान भी नहीं हुआ था।” 

सीजेपी नेताओं ने एसआईआर के दौरान मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों के आरोप को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को उठाया है। अभिजीत दीपके ने कहा है कि केंद्र सरकार असहमति की आवाज दबा रही है।

यह भी पढ़ें- सीजेपी और अभिजीत दीपके को अमेरिका से फंडिंग?

अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने आरोप लगाया है कि अभिजीत दीपके और कॉकरोच जनता पार्टी को अमेरिकी फंडिंग दे रहे हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।