Abhijeet Dipke Detained: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके और प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को शनिवार को दिल्ली पहुंचते ही कुछ ही पलों में हिरासत में ले लिया गया। वे जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के लिए वहां पहुंचे थे।
दिल्ली पुलिस के जवान उस विमान में दाखिल हुए जिसमें अभिजीत दीपके दिल्ली आ रहे थे। विमान कुछ मिनट पहले आईजीआई एयरपोर्ट पर उतरा। अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस से कहा, “मैं यहां गिरफ्तार होने आया हूं, मुझे गिरफ्तार कर लीजिए।” दिल्ली पुलिस के जवानों ने उनसे कहा, “नहीं, यह गिरफ्तारी नहीं है। कृपया सहयोग करें।”
कॉकरोच जनता पार्टी ने जारी किया बयान
कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने बयान में कहा, “सीजेपी नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली में फ्लाइट से उतरते ही मनमाने ढंग से हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा करता है।”
सीजेपी ने कहा, “दिल्ली पुलिस की इस पहले से तय कार्रवाई का मकसद आज के शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के नेताओं को विरोध स्थल तक पहुंचने से पहले ही रोकना और कमजोर करना है।” संगठन ने आगे कहा, “सीजेपी लोगों के कहीं भी आने-जाने की आजादी के इस खुले उल्लंघन की निंदा करता है और दीपके, दास व रांका की तुरंत और बिना किसी शर्त रिहाई की मांग करता है।”
रत्ना सिंह को भी हिरासत में लिया गया
इसके अलावा, कॉकरोच जनता पार्टी की लीगल टीम की हेड रत्ना सिंह ने दावा किया कि उन्हें और तीन अन्य वकीलों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सिंह ने आरोप लगाया कि 25 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने उस कार को घेर लिया जिसमें वह बैठी थीं, लेकिन उन्हें हिरासत में लेने का कारण नहीं बताया।
एक बयान में सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मी सुबह उनके घर आए थे और मांगने पर भी कोई आधिकारिक सूचना या आदेश नहीं दिखा पाए। सिंह ने कहा, “वे सुबह मेरे घर आए थे। हमने आधिकारिक सूचना मांगी। उनके पास कुछ भी नहीं है। वे कह रहे हैं कि वे मुझे हिरासत में लेना चाहते हैं। उन्हें ऊपर से आदेश मिले हैं। मुझे नहीं पता कि उन्हें ऊपर से क्या आदेश मिले हैं।”
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी न तो उन्हें ले जा रहे थे और न ही उन्हें वहां से जाने दे रहे थे। उन्होंने कहा, “और मैं कार से बाहर नहीं निकल रही हूं। वे यह जगह नहीं छोड़ रहे हैं। इसलिए एक तरह से मुझे गैर-कानूनी तरीके से हिरासत में रखा गया है। वे 25 से ज्यादा लोग हैं।”
यह भी पढ़ें: कौन हैं ध्रुव राठी? ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन से हिरासत में लिए गए यूट्यूबर
शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को उनके गुरुग्राम के सेक्टर 56 स्थित आवास से हिरासत में ले लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले की गई है। ध्रुव राठी इसी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आए थे, जिसके चलते राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को काफी बढ़ा दिया गया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
