कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के दिल्ली में प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने बड़े पैमाने पर सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं। इसे लेकर बीजेपी ने सीजेपी के जुलाई में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन का हवाला दिया है।
बीजेपी ने शनिवार को कहा है कि उस दौरान सीजेपी के प्रदर्शन में बच्चों और पुलिसकर्मियों को चोटें आई थीं और सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा था।
बीजेपी ने अपने X हैंडल पर बयान जारी कर कहा है कि ऐसी हिंसक घटनाओं को फिर से होने से रोकना बहुत जरूरी है। पार्टी ने कहा है कि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली में एहतियाती प्रतिबंध लगाए गए हैं।
जंतर-मंतर पूरी तरह सील
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को पूरी तरह सील कर दिया है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि सीजेपी को प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी गई है। शनिवार को प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर तक पहुंचने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने लगभग 4000 लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने किसी भी प्रदर्शनकारी को जंतर-मंतर तक पहुंचाने की इजाजत नहीं दी।
सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली के चार किलोमीटर के इलाके में इंटरनेट सेवाओं को पूरी तरह बंद कर दिया गया और 25 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। प्रदर्शन में शामिल होने से पहले ही सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके, सह संस्थापक सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में ले लिया गया। इसके अलावा यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी गुरुग्राम से पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने 45 मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया और ढाई सौ से अधिक ट्रेनों को रद्द कर दिया गया।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
सीजेपी का कहना है कि जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं हो जाता, वह अपना आंदोलन जारी रखेगी।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस और बाकी विपक्षी दल भी लगातार आवाज उठा रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी हिरासत में ले लिया। इसके अलावा ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष नेहा बोरा, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव और सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
यह भी पढ़ें- ‘अराजक तत्व फेल, दिल्ली को बंधक बनाने की कोशिश की थी’
कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने जंतर-मंतर पर हुए घटनाक्रम को लेकर विपक्ष और प्रदर्शनकारियों पर निशाना साधा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
