Tamil Nadu News: तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता और डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि हाल ही में हुई नीति आयोग की बैठक में विजय ने पिछली डीएमके सरकार के समय हुई उपलब्धियों का श्रेय खुद लेने की कोशिश की।

एक्स पर एक पोस्ट में उदयनिधि ने सवाल उठाया कि बैठक में विजय ने जिन मुख्य उपलब्धियों का जिक्र किया, वे टीवीके सरकार के एक महीने के कार्यकाल में हासिल की गई थीं या डीएमके के पांच साल के कार्यकाल में।

उदयनिधि ने कहा, “मुख्यमंत्री ने बताया कि तमिलनाडु भारत की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और देश की कुल कामकाजी महिलाओं में से 42 प्रतिशत तमिलनाडु से हैं। साथ ही, उन्होंने महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा और महिला स्वयं-सहायता समूहों के विकास में हुई प्रगति का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या ये सभी उपलब्धियां उनके एक महीने पुराने ‘सोफा मॉडल’ शासन के दौरान हासिल हुईं या फिर ये 5 साल के ‘द्रविड़ मॉडल’ शासन के दौरान मिलीं।”

नीट पर विजय की टिप्पणियों का भी जिक्र किया

उदयनिधि ने नीट पर विजय के चुनावी कैंपेन के दौरान की गई टिप्पणियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों से पहले विजय ने सवाल उठाया था कि क्या “दुनिया में सिर्फ NEET ही मायने रखता है”, लेकिन नीति आयोग की बैठक में उन्होंने 12वीं कक्षा के मार्क्स के आधार पर मेडिकल एडमिशन का जोरदार समर्थन किया, जिसे उन्होंने विरोधाभास बताया।

मेकेदातु बांध का मुद्दा तक नहीं उठाया

डीएमके यूथ विंग के सेक्रेटरी ने आगे आरोप लगाया कि विजय ने दिल्ली में हुई बैठक या कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के साथ मेकेदातु बांध का मुद्दा नहीं उठाया। उन्होंने कहा, “दिल्ली जाने के बावजूद वे मेकेदातु मुद्दे पर चुप रहे, न तो उन्होंने नीति आयोग की बैठक में इसे उठाया और न ही कर्नाटक में शासन कर रहे अपने नए गठबंधन सहयोगी के साथ इस पर बात की और बिना कुछ कहे लौट आए, मानो उन्होंने मुसीबत क्यों मोल लें? वाला रवैया अपना लिया हो।”

उदयनिधि स्टालिन ने कहा, “संक्षेप में, नीति आयोग की बैठक में सोफा मॉडल सरकार ने हमारी पार्टी के प्रशासन की उपलब्धियों पर बस अपना स्टिकर चिपका दिया। मुख्यमंत्री जी, झूठ और बदनामी के जरिये जनता को धोखा देकर हासिल की गई आपकी खोखली जीत ज्यादा दिन नहीं चलेगी। सच की ही जीत होगी।”

यह भी पढ़ें: ‘विजय की टीवीके बीजेपी की जेरॉक्स कॉपी’, एमके स्टालिन बोले- इस सीएम को खुद पर भरोसा नहीं

डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने शनिवार को मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की सरकार पर भारतीय जनता पार्टी की जेरॉक्स होने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार एआईएडीएमके विधायकों को शामिल करके विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एआईएडीएमके विधायकों की अंधाधुंध खरीद कर रहे हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…