तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने हाल ही में ऐलान किया था कि पिछली सरकार की कल्याणकारी योजनाएं जारी रहेंगी। इसी क्रम में आज तमिल पुधुवन और पुधुमाइपेन (Tamil Pudhuvan – Pudhumaipen) योजनाओं के तहत छात्रों के खातों में 1000 रुपये की छात्रवृत्ति राशि ट्रांसफर की गई।

आपको बता दें कि पिछली डीएमके सरकार के दौरान सरकारी स्कूलों और कॉलेज जाने वाले छात्रों को 1000 रुपये दिए जा रहे थे। अब विजय के नेतृत्व में टीवीके सरकार भी 1000 रुपये स्कॉलरशिप के तौर पर क्रेडिट कर रही है।

तमिलनाडु में 2021 से 2026 तक सत्ता में रही एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली DMK सरकार ने महिला अधिकार निधि, पुधुमाइपेन योजना और तमिल पुत्रन योजना के तहत उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं को हर महीने 1000 रुपये की सहायता राशि दी थी। अब राज्य में विजय के नेतृत्व वाली TVK सरकार सत्ता में है। ऐसे में सवाल उठ रहे थे कि क्या पिछली DMK सरकार की कल्याणकारी योजनाएं नई सरकार में भी जारी रहेंगी।

इस मुद्दे को लेकर विपक्ष के नेता उदयनिधि ने विधानसभा सत्र में कहा था कि DMK शासन में शुरू की गई जनकल्याण योजनाओं को नई सरकार में भी जारी रखा जाना चाहिए। इसके जवाब में मुख्यमंत्री विजय ने भरोसा दिलाया था कि पिछली सरकारों की महत्वपूर्ण योजनाएं बंद नहीं की जाएंगी और उन्हें आगे भी जारी रखा जाएगा।

इसी के तहत अब पुधुमाइपेन और तमिल पुत्रन योजना के लाभार्थी छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 1000 रुपये की मासिक सहायता राशि ट्रांसफर कर दी गई है।

717 शराब दुकानों को बंद करने का आदेश

विजय द्वारा जारी आदेश के तहत धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और बस स्टैंड के 500 मीटर के दायरे में स्थित 717 शराब दुकानों को अगले दो सप्ताह के भीतर बंद करने का निर्देश दिया गया है।

राज्य सरकार के अधीन तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (TASMAC) वर्तमान में पूरे राज्य में 4,765 खुदरा शराब दुकानें संचालित कर रहा है। मुख्यमंत्री विजय के निर्देश पर की गई समीक्षा में यह पाया गया कि कई दुकानें संवेदनशील क्षेत्रों के बेहद पास थीं जिससे सामाजिक और सार्वजनिक व्यवस्था पर प्रभाव पड़ सकता है।

सीएम विजय के अन्य फैसले

बता दें कि अभिनेता से राजनेता बने विजय ने रविवार (10 मई) को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। सीएम बनने के तुरंत बाद विजय ने हर महीने 100 यूनिट मुफ्त बिजली, महिला सुरक्षा बल और नशा-विरोधी तंत्र की तीन बड़ी योजनाओं पर हस्ताक्षर किए थे। उन्होंने मंत्रियों और नेताओं को चेतावनी भी दी थी कि सत्ता में मनमानी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विजय की TVK ने बदल दी तमिलनाडु की राजनीति

सिनेमा के पर्दे से सत्ता की राजनीति तक पहुंचने की यह यात्रा अचानक नहीं बनी। इसके पीछे सालों की तैयारी, संगठित फैन नेटवर्क और युवाओं के बीच लगातार बढ़ता प्रभाव रहा। यही वजह है कि विजय को अब केवल सुपरस्टार कहना उनकी राजनीतिक पहचान को सीमित करना होगा। जनसत्ता की चुनाव स्पेशल ‘किस्सा मुख्यमंत्री का’ सीरीज में बात तमिलनाडु के नए सीएम सी. जोसेफ विजय की…