तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने किसानों को बड़ी राहत देने का ऐलान किया है। टीवीके प्रमुख ने सहकारी संस्थाओं से लिए गए 75000 रुपये तक के फसल ऋण को पूरी तरह माफ करने की घोषणा की है। टीवीके सरकार के इस फैसले से राज्य के लगभग 14.43 लाख किसानों को सीधा फायदा मिलेगा।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने मंगलवार को घोषणा की कि 1 मई 2025 से 28 फरवरी 2026 के बीच सहकारी बैंकों से लिए गए 75,000 रुपये तक के फसल ऋण को पूरी तरह माफ किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, इस ऋण माफी योजना पर राज्य सरकार को करीब 5,932 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ उठाना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और उन्हें कर्ज के बोझ से राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है। योजना के लागू होने से छोटे और सीमांत किसानों को सबसे अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है।

सचिवालय में मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की। सचिवालय में मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन किसानों ने 75000 रुपये से अधिक का कर्ज लिया है उन्हें 35000 रुपये की माफी दी जाएगी। यह जानकारी सरकार की तरफ से दिया गया है।

यह घोषणा किसानों की ओर से दिए गए एक प्रतिनिधित्व (representation) के बाद आई है जो राज्य सरकार द्वारा पिछले महीने छोटे और सीमांत किसानों के लिए सहकारी बैंक लोन में 50000 रुपये तक की माफी की घोषणा के संदर्भ में दी गई थी। यह नई घोषणा उसी योजना का संशोधित संस्करण है।

सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के ‘Model Operating Procedures for Government Loan Waiver Schemes’ के तहत सरकार को ऋण माफी की पूरी राशि 45 से 60 दिनों के भीतर जारी करनी होती है।

टीवीके सरकार ने जानकारी दी, ”राज्य सरकार की वर्तमान वित्तीय स्थिति और संसाधनों को देखते हुए, इस कठिन परिस्थिति में मुख्यमंत्री ने 1 मई 2025 से 28 फरवरी 2026 के बीच सहकारी बैंकों से फसल ऋण लेने वाले 14.43 लाख किसानों के लिए लगभग 6,000 करोड़ रुपये की माफी को मंजूरी दी है।”