Tamil Nadu News: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने राज्य की एकमात्र खाली राज्यसभा सीट अपनी सहयोगी पार्टी कांग्रेस को सौंपने की घोषणा की है। इस फैसले को कांग्रेस के लिए एक बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है। कांग्रेस का समर्थन टीवीके सरकार की स्थिरता के लिए बेहद ही अहम है।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घोषणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडनकर की मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात के कुछ ही समय बाद हुई। इसके बाद अब उच्च सदन के लिए पार्टी की उम्मीदवारी को लेकर अटकलें तेज हो गईं। इस बात की चर्चा है कि कांग्रेस रणनीतिकार प्रवीण चक्रवर्ती पार्टी के उम्मीदवार के रूप में उभर सकते हैं।
चक्रवर्ती को कांग्रेस-टीवीके गठबंधन को आकार देने में अहम भूमिका निभाने का क्रेडिट दिया जाता है। एआईएडीएमके नेता सीवी शनमुगम के तमिलनाडु विधानसभा के लिए चुने जाने के बाद संसद से इस्तीफा देने के कारण राज्यसभा की यह सीट खाली हो गई।
कांग्रेस नेताओं ने विजय के फैसले का स्वागत करते हुए इसे उदार और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण कदम बताया है। एनडीटीवी से बात करते हुए कांग्रेस सांसद ज्योतिमणि ने कहा कि अतिरिक्त सीट से संसद में पार्टी की आवाज मजबूत होगी। उन्होंने कहा, “इससे राज्यसभा में भाजपा की ताकत का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस की आवाज मजबूत होगी।”
डीएमके ने कसा तंज
मुख्यमंत्री विजय की पार्टी के इस कदम की डीएमके ने आलोचना की है। डीएमके प्रवक्ता ए सरवनन ने आरोप लगाया कि टीवीके संसद में बीजेपी के साथ सीधे टकराव से बचने के लिए कांग्रेस क यह भूमिका निभाने की इजाजत दे रही है। सरवनन ने बताया, “इसका उद्देश्य यह है कि टीवीके संसद में भाजपा के साथ सीधे टकराव से बचना चाहता है, इसलिए उसने यह जिम्मेदारी कांग्रेस को सौंप दी है।”
टीवीके ने आरोप खारिज किए
टीवीके नेताओं ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि यह निर्णय राजनीतिक संघर्षों से बचने के बजाय गठबंधन को मजबूत करने के लिए लिया गया था। नेता ने कहा, “कोई आउटसोर्सिंग नहीं है। हम कांग्रेस के साथ अपने गठबंधन को मजबूत कर रहे हैं। सिर्फ एक सांसद के साथ हम क्या करेंगे।”
यह भी पढे़ं: मुख्यमंत्री बनने के बाद क्यों पहन रहे सिर्फ ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ सूट
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री टीवीके सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को तिरुचिरापल्ली में एक रैली के जरिए अपने आउटफिट को लेकर उठने वाले सवाल का जवाब दिया। विजय आम तौर पर ब्लैक-एंड-व्हाइट कोट पैंट पहनते हैं। इस आउटफिट का संबंध उन्होंने अपनी सरकार की काम करने की पॉलिसी से जोड़ा और बताया कि वे बिल्कुल सफाई के साथ काम करते हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
