पश्चिम बंगाल की फाल्टा सीट पर भाजपा ने एक लाख से भी ज्यादा वोटों से बड़ी जीत दर्ज की। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को अपने समर्थकों से अपील की कि जिस तरह की जीत फाल्टा में मिली, वैसी ही जीत नंदीग्राम में भी चाहिए।

नंदीग्राम वही सीट है, जहां से शुभेंदु अधिकारी चुनाव जीतने के बाद इस्तीफा दे चुके हैं। वर्तमान में वह भवानीपुर से विधायक हैं। नंदीग्राम सीट को मजबूत करने के लिए शुभेंदु अधिकारी ने अपने भाई और कांथी से सांसद सौमेंदु अधिकारी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

नंदीग्राम कॉलेज ग्राउंड में अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “मैंने अपने भाई और कांथी से सांसद सौमेंदु अधिकारी को पंचायत, प्राइवेट एडमिनिस्ट्रेशन और पब्लिक वर्क की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। हमारे पांच विधायक- अरुण कुमार दास, शांतनु प्रमाणिक, चंद्रशेखर मंडल, निर्मल खदरा और तपन मैती उनकी मदद करेंगे।”

मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम के दौरे पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने अपने समर्थकों को आश्वासन दिया कि वह भले ही भवानीपुर से विधायक हों, लेकिन उनके पैर आज भी जमीन पर हैं और वह आगे भी नंदीग्राम के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने अपने समर्थकों से अपील करते हुए कहा कि अगर फाल्टा जैसा जीत का मार्जिन नंदीग्राम में दोहराया जा सके तो भाजपा और ज्यादा मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने संबोधन में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ हुई हिंसा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “क्या आप लोग इस बात से चिंतित हैं कि पिछले पांच साल में आपके खिलाफ फर्जी केस दर्ज किए गए? कानूनी तौर पर मैं जो कर सकता हूं, जरूर करूंगा। TMC ने हमारे 4000 कार्यकर्ताओं को फर्जी मामलों में फंसा दिया।”

उन्होंने आगे कहा, “सबका साथ, सबका विकास होगा, लेकिन सबका हिसाब भी होगा। आप लोग कानून अपने हाथ में मत लीजिए। आपको गुस्सा आ सकता है, लेकिन भाजपा की कार्यशैली ऐसी नहीं है। मुझे सब याद है। मैं अभी कुछ नहीं भूला हूं, लेकिन सभी को जवाब जरूर मिलेगा। इन लोगों की असली जगह जेल में है। मैं किसी को भी नहीं बख्शने वाला हूं।”

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “पूर्व मुख्यमंत्री दो बार हार चुकी हैं, लेकिन उन्होंने अपनी राजनीति नहीं छोड़ी। सात शहीद परिवारों को डेथ सर्टिफिकेट तक नहीं दिया गया क्योंकि वे मेरे समर्थक थे।”

शुभेंदु अधिकारी ने आगे कहा, “मैं आश्वासन देता हूं कि सभी के सपने पूरे होंगे। बंगाल का जो विकास कार्य रुका हुआ था, चाहे वह रेल प्रोजेक्ट हो या दूसरे काम, उन्हें फिर से शुरू किया जाएगा।”

पश्चिम बंगाल के विकास को लेकर बात करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “पढ़े-लिखे युवाओं को नौकरी चाहिए। राज्य को इंडस्ट्री की जरूरत है। महिलाओं को सुरक्षा मिलनी चाहिए। लोगों को साफ पानी मिलना चाहिए। अच्छी सड़कें और बेहतर ब्रिज कनेक्टिविटी होनी चाहिए। पुलिस को ठीक तरीके से काम करना चाहिए। हमारे बॉर्डर सुरक्षित होने चाहिए। रामनवमी और दुर्गा पूजा शांति से होनी चाहिए। लोगों को पूजा के लिए कोर्ट से अनुमति लेने की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए।”

उन्होंने कहा, “हम अपने हर वादे को पूरा करेंगे। हमने नौकरी के लिए दरवाजे खोल दिए हैं। राज्य में निवेश आने वाला है। केंद्र सरकार की सभी योजनाएं यहां लागू की जाएंगी और सरकारी अस्पतालों में लोगों को बेहतर इलाज मिलेगा।

ये भी पढ़ें- शुभेंदु सरकार का एक और बड़ा फैसला