पश्चिम बंगाल की राजनीति में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने डायमंड हार्बर से सांसद और तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी पर मुख्यमंत्री की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि अभिषेक के निर्देश पर 180 लोगों का एक विशेष व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया गया है जिसके जरिए मुख्यमंत्री की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
अर्जुन सिंह के मुताबिक, इस ग्रुप के जरिए मुख्यमंत्री के आने-जाने और उनके ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस निगरानी का मकसद मुख्यमंत्री की सुरक्षा को खतरे में डालना है। हालांकि इन आरोपों के समर्थन में अब तक कोई स्वतंत्र सबूत सामने नहीं आया है।
‘अभिषेक बनर्जी को बहुत जल्द जेल जाना पड़ेगा’
अभिषेक बनर्जी पर निशाना साधते हुए अर्जुन सिंह ने कहा, ”हमारी सरकार डबल इंजन की सरकार है। मुझे नहीं लगता कि अभिषेक बनर्जी ज्यादा दिनों तक खुलेआम घूम पाएंगे। उन्हें बहुत जल्द जेल जाना पड़ेगा।” उन्होंने मुख्यमंत्री की सुरक्षा का हवाला देते हुए अभिषेक की जल्द गिरफ्तारी की मांग भी की।
टीएमसी ने खारिज किए आरोप
वहीं तृणमूल कांग्रेस ने अर्जुन सिंह के सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। पार्टी नेता वैश्वानर चटर्जी ने पलटवार करते हुए अर्जुन सिंह की राजनीतिक विश्वसनीयता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अर्जुन सिंह कभी तृणमूल कांग्रेस तो कभी बीजेपी में रहे हैं, इसलिए उनके बयानों का कोई आधार नहीं है।
वैश्वानर चटर्जी ने दावा किया कि अभिषेक बनर्जी का किसी की हत्या की साजिश रचने या इस तरह का व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने से कोई लेना-देना नहीं है। उनके मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस को बदनाम करने के लिए जानबूझकर ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं।
अर्जुन सिंह के आरोपों और तृणमूल कांग्रेस के जवाब के बाद राज्य की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। हालांकि, मुख्यमंत्री की निगरानी किए जाने या उनकी हत्या की साजिश रचे जाने के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
‘मैं नामों की एक लिस्ट तैयार कर रहा हूं सरकार बदली तो…’, अभिषेक बनर्जी ने किसे दी चेतावनी
तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने पुलिस अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है। उनका आरोप है कि कुछ पुलिस अधिकारी, शुभेंदु अधिकारी को खुश करने और अपनी पसंद की जगह पर ट्रांसफर पाने के लिए टीएमसी कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसा रहे हैं।
गुरुवार को इस मुद्दे को उठाते हुए अभिषेक ने कहा कि वह ऐसे पुलिस अधिकारियों की एक लिस्ट तैयार कर रहे हैं जो विपक्षी दल के इशारे पर काम कर रहे हैं। टीएमसी सांसद ने आगे चेतावनी दी कि अगर भविष्य में सरकार बदलती है, तो इनमें से किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
