जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को उम्मीद जताई कि सुप्रीम कोर्ट में चल रही कार्यवाही के कारण विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची से आगे नाम हटाना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण की कवायद के जरिए चुनावों में छेड़छाड़ किए जाने की आशंका है। उमर अब्दुल्ला ने पत्रकारों से कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट मतदाता सूची से नाम हटाना मुश्किल बनाएगी।

उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पहले ही परिसीमन की कवायद के कारण छेड़छाड़ का शिकार हो चुका है। जम्मू-कश्मीर में अभी SIR नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, “देश के बाकी हिस्सों की तरह यहां भी चुनावों में छेड़छाड़ करने के लिए यह किया जा रहा है। संभव है कि वे जम्मू-कश्मीर में भी ऐसा करने की कोशिश करें। हालांकि हम पहले भी ऐसी छेड़छाड़ के शिकार हो चुके हैं। हम अभी तक परिसीमन की कवायद को नहीं भूले हैं। उस परिसीमन का एकमात्र उद्देश्य भाजपा की मदद करना था। एसआईआर के साथ भी ऐसा ही होने की संभावना है।”

सुप्रीम कोर्ट पर है भरोसा

उमर अब्दुल्ला ने आगे कहा, “मुझे उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट में फिलहाल चल रही कार्यवाही, यहां लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाना उनके लिए थोड़ा मुश्किल बना देगी।”

उमर अब्दुल्ला ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन के बढ़ते आंदोलन का बचाव किया और भाजपा के इस दावे पर सवाल उठाया कि निर्वाचन आयोग के खिलाफ लगाए गए आरोप ‘मनगढ़ंत’ हैं। उन्होंने कहा, “मनगढ़ंत कहां है? अगर यह मनगढ़ंत था, तो उन्होंने उस अखबार के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की, जिसके जरिये ये सारी बातें सामने आईं? मैंने कहीं भी उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर होते नहीं देखा। कहीं न कहीं, ‘इंडियन एक्सप्रेस’ ने जो खबर दी, वह सही होना चाहिए, है न? अगर वह (खबर) सही नहीं होती तो सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई करती या कम से कम मानहानि का मामला दर्ज करती। उन्होंने ऐसा नहीं किया।”

इंडियन एक्सप्रेस पर अब्दुल्ला ने क्या कहा?

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका तार्किक निष्कर्ष यही है कि अखबार ने जो खबर दी थी, वह सही थी। उन्होंने प्रदर्शन के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा, “हाल में दिल्ली में हुई ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में इस बारे में फैसला लिया गया था। (कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे साहब ने मीडिया के सामने एक महीने का कार्यक्रम घोषित किया था और हम केवल उसे आगे बढ़ा रहे हैं।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे करने के सवाल पर अब्दुल्ला ने कहा, “यहां खड़े होकर मैं 25 साल के पूरे सफर की समीक्षा कैसे कर सकता हूं? उन्होंने कुछ तो सही किया होगा, तभी लोगों ने उन्हें बार-बार वोट देकर चुना है।”

यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए 10 दिन पहले लेनी होगी मंजूरी, दिल्ली पुलिस ने जारी किए दिशा-निर्देश 

दिल्ली में धरना-प्रदर्शन करने वालों के लिए पुलिस ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने बुधवार को कहा है कि जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन, कोई भी मीटिंग या विरोध प्रदर्शन आयोजित करने से पहले सक्षम अधिकारी से अनुमति लेनी जरूरी है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।