तमिलनाडु में नई सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री एस. जोसेफ विजय की अध्यक्षता में गुरुवार (5 जून 2026) को पहली कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। चेन्नई सचिवालय में एक घंटे से ज्यादा समय तक चली इस बैठक में ‘विजयी तमिलनाडु’ (Victory Tamil Nadu) सबसे अहम मुद्दा रहा। मीटिंग में राज्य के समग्र विकास, जनकल्याण योजनाओं और प्रमुख विकास परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री विजय ने अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ चुनावी वादों को पूरा करने, जनहितकारी योजनाओं को तेजी से लागू करने करने की बात कही। इसके साथ ही तमिलनाडु की विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने को लेकर गहन विचार-विमर्श किया।
मंत्रियों को मुख्यमंत्री विजय की सख्त चेतावनी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विजय ने मंत्रियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार में किसी भी तरह की गलती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर कोई मंत्री गलती करता है तो उसके खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को यह भी निर्देश दिया कि जनकल्याण योजनाओं को तेजी से लागू किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि उनके अधीन काम करने वाले अधिकारी या कर्मचारी भी किसी प्रकार की चूक न करें। उन्होंने प्रशासनिक जवाबदेही और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया।
कुल 436 योजनाएं विभिन्न विभागों को सौंपी गई
तमिलनाडु के मंत्री सीटीआर निर्मल कुमार ने कहा, “आज हमारे मुख्यमंत्री ने पहली कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की जिसमें उन्होंने तमिलनाडु के लिए एक स्पष्ट लक्ष्य और विजन प्रस्तुत किया। आने वाले वर्षों में सभी विभागों को किस दिशा में काम करना है, उनका लक्ष्य क्या होगा और उनकी कार्ययोजना क्या होगी, इस बारे में विस्तृत निर्देश दिए गए हैं।”
उन्होंने बताया कि तमिलनाडु के विकास और जनता के कल्याण के लिए कुल 436 योजनाएं विभिन्न विभागों को सौंपी गई हैं।। निर्मल कुमार ने कहा, “हमारे चुनावी घोषणापत्र के आधार पर मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को लक्ष्य निर्धारित करके दिए हैं। साथ ही, इन योजनाओं को लागू करने के लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।”
उन्होंने आगे कहा, ”प्रत्येक विभाग अपने संबंधित अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों के साथ मिलकर इन योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत रूपरेखा तैयार करेगा। सभी विभाग विस्तृत कार्ययोजना बनाकर मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। मुख्यमंत्री की मंजूरी मिलने के बाद इन योजनाओं को जमीन पर लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।”
विश्व पर्यावरण दिवस पर जनता को संदेश
कैबिनेट बैठक के साथ ही मुख्यमंत्री विजय ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक संदेश जारी करते हुए कहा कि आज लिए गए पर्यावरण संबंधी फैसले ही भविष्य की दिशा तय करेंगे।
उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने, पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने, प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने तथा प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की रक्षा करने की अपील की।
प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने की अपील
मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए छोटे-छोटे प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, स्वस्थ और हरित दुनिया का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से विश्व पर्यावरण दिवस पर प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा, “आइए प्रकृति की रक्षा करें और अपने भविष्य को समृद्ध बनाएं।”
