मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर किसानों के लिए खाद आपूर्ति की मांग की है। सीएम ने अपने पत्र में तमिलनाडु को उर्वरकों (खाद) की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
खाद के संबंध में विजय ने अपने पत्र में लिखा है, ”तमिलनाडु में 40 प्रतिशत से अधिक लोग अपनी आजीविका के लिए कृषि पर निर्भर हैं। तमिलनाडु में लगभग 48.27 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में शुद्ध खेती (नेट कल्टिवेशन) और 62.25 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सकल खेती (ग्रॉस कल्टिवेशन) की जाती है।”
मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि तमिलनाडु के कुल किसानों में लगभग 92 प्रतिशत छोटे और सीमांत किसान हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत के कुल जल संसाधनों का केवल 3 प्रतिशत ही तमिलनाडु में उपलब्ध है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि तमिलनाडु में धान, मोटे अनाज, तिलहन, कपास, गन्ना, सब्जियां, फूल, फल, औषधीय और सुगंधित फसलें तथा बागवानी फसलें समेत विभिन्न प्रकार की फसलों की खेती की जाती है।
विजय ने कहा कि 10 मई 2026 को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद से वह विभिन्न विभागों की गतिविधियों की विभागवार समीक्षा कर रहे हैं।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उन्हें पता चला कि अप्रैल और मई 2026 के लिए निर्धारित उर्वरक की जरूरतों में से 39,001 मीट्रिक टन यूरिया, 28,607 मीट्रिक टन डीएपी (DAP) और 24,235 मीट्रिक टन पोटाश की आपूर्ति उर्वरक निर्माताओं द्वारा तमिलनाडु को नहीं की गई। उन्होंने इस संबंध में विस्तृत जानकारी भी पत्र के साथ भेजी है।
व्यापक बारिश के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में और खरीफ सीजन के दौरान अधिकतम क्षेत्र में खेती करने के लिए उत्सुक किसानों की वजह से यूरिया और डीएपी उर्वरकों की मांग बढ़ने की संभावना है। ऐसे समय में उर्वरकों की कमी राज्य की खाद्य सुरक्षा को खतरे में डाल सकती है। वर्तमान खरीफ सीजन में अनुकूल परिस्थितियों के कारण फसल उत्पादन में सुधार हो रहा है, इसलिए आने वाले दिनों में यूरिया और डीएपी जैसे सीधे उर्वरकों की मांग में काफी वृद्धि होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विजय ने पत्र में कहा, ”इसे पूरा करने के लिए तमिलनाडु को तुरंत 3.83 लाख मीट्रिक टन यूरिया, 1.05 लाख मीट्रिक टन डीएपी और 0.83 लाख मीट्रिक टन पोटाश उपलब्ध कराया जाना चाहिए और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाने चाहिए कि उर्वरकों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।”
सहयोगी दल ने दी साथ छोड़ने की धमकी
तमिलनाडु में सरकार बनाए हुए नई-नवेली जोसेफ विजय की पार्टी को महज 10 दिन ही हुए हैं, ऐसे में राज्य की गठबंधन सरकार को समर्थन दे रहे सहयोगी दलों में से एक ने अब टीवीके सरकार को आंख दिखाना शुरू कर दिया है। सहयोगी दल सीपीआई (एम) ने गठबंधन सरकार से बाहर आने की भी धमकी दे दी है।
सीपीआई(एम) ने कहा कि अगर एआईएडीएमके गठबंधन में शामिल होती है तो वह सरकार को दिए जाने वाले समर्थन पर पुनर्विचार करेगी।
