तमिलनाडु वेत्री कझगम (TVK) की नवनिर्वाचित विधायक और मंत्री सेल्वी एस. कीर्तना ने दिव्यांगजनों को लेकर दिए गए अपने विवादित बयान पर माफी मांगी है। शिवकाशी से एमएलए चुनी गईं कीर्तना के बयान के बाद राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना शुरू हो गई थी। इसके बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट (X) पर भावुक सफाई और माफीनामा जारी किया है।
विजय सरकार की एकमात्र महिला मंत्री कीर्तना ने अपने बयान में कहा कि उनका उद्देश्य कभी भी दिव्यांगजनों का अपमान करना नहीं था। उन्होंने लिखा, ”मैं एक दिव्यांग मां की बेटी हूं। मैं उनका दर्द और संघर्ष अच्छी तरह समझती हूं। मुझसे अनजाने में हुई इस गलती का राजनीतिकरण न किया जाए। अगर मेरी बातों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो मैं इसके लिए दिल से खेद व्यक्त करती हूं और माफी मांगती हूं।”
मंत्री कीर्तना ने आगे कहा कि उनके हालिया बयान से कुछ लोग आहत हुए हैं जिसका उन्हें दुख है। उन्होंने दोहराया कि उन्होंने कभी भी दिव्यांगजनों के प्रति असम्मानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का इरादा नहीं रखा।
इस भावुक सफाई के जरिए कीर्तना ने विवाद को खत्म करने की कोशिश की है। हालांकि विपक्षी दल अब भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरने में जुटे हैं।
विजय कैबिनेट की सबसे युवा मंत्री हैं कीर्तना
बता दें कि विजय कैबिनेट में जिन 9 मंत्रियो ने शपथ ली थी उनमें कीर्तना काफी चर्चा में रहीं। 29 साल की कीर्तना विजय मंत्रिमंडल का सबसे युवा चेहरा हैं।
कैबिनेट मंत्री पद की शपथ लेने के बाद कीर्तना ने कहा था कि अब सब कुछ बदलने वाला है बल्कि बदलाव आ चुका है। सी जोसेफ विजय मुख्यमंत्री बन चुके हैं। मैं एक मध्यमवर्गीय परिवार से से हूं और मुझे कैबिनेट मंत्री बनने का मौका मिला। मुझे नहीं लगता है कि दूसरे राज्यों में इतनी आसानी से ऐसा हो पाता।
हिंदी बोलने को लेकर विवाद
चुनाव जीतने के बाद एक इंटरव्यू के दौरान कीर्तना के हिंदी बोलने को लेकर विवाद हुआ था। इसके जवाब में कीर्तना ने न्यूज एजेंसी से हिन्दी में कहा था कि मैं हिन्दी में बात कर रही हूं। मैं चाहती हूं कि मेरी पार्टी का प्रतिनिधित्व पूरे भारत में और दूसरे देशों तक पहुंचे। इसलिए मैं हिन्दी में बोल रही हूं। हर किसी को मेरे नेता के बारे में पता होना चाहिए।
सेल्वी एस. कीर्तना ने कहा कि हर किसी को मेरी पार्टी के बारे में जानकारी होनी चाहिए। राजनीति ऐसी चीज नहीं है, जिससे डरना चाहिए। हर किसी को राजनीति में आना चाहिए। मैं सिर्फ एक उदाहरण हूं। मैं चाहती हूं कि सभी लोग आगे आएं और राजनीति से जुड़ें
