Punjab News: आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगने के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ऐलान किया है कि वो 5 मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर राज्यसभा सांसदों के पाला बदलने का मुद्दा उठाएंगे।

मान ने इससे पहले बीजेपी में शामिल हुए आप के राज्यसभा सदस्यों को वापस बुलाने की मांग को लेकर पार्टी विधायकों के साथ राष्ट्रपति से मुलाकात का समय देने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा, ”राष्ट्रपति ने पांच मई को दोपहर 12 बजे (बैठक के लिए) का समय दिया है और मैं निश्चित रूप से उनसे मिलूंगा।”

राष्ट्रपति से मिलेंगे भगवंत मान

मान से जब पूछा गया कि क्या कानून में किसी सांसद को वापस बुलाने का कोई प्रावधान है, तो उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रपति से इस बारे में बात करेंगे। आम आदमी पार्टी को 24 अप्रैल को उस समय बड़ा झटका लगा था जब उसके 10 राज्यसभा सदस्यों में से सात राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रमजीत साहनी और स्वाति मालीवाल ने पार्टी पर अपने सिद्धांतों, मूल्यों और मूल नैतिक मूल्यों से भटक जाने का आरोप लगाते हुए आप छोड़ दी थी और भाजपा में शामिल हो गए।

भगवंत मान ने कहा कि पार्टी किसी एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं से बनी है। मान ने कार्यकर्ताओं से कहा, “हम अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं। हमारी ट्रेनिंग बहुत मजबूत हुई है और हम ऐसी मुश्किलों से डरने वाले नहीं हैं।”

पंजाब सरकार की ओर से एक मई को राज्य विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान विश्वास प्रस्ताव लाए जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पार्टी के पास पहले से ही 94 विधायक हैं। पंजाब की जनता का इससे बड़ा विश्वास और क्या हो सकता है? बजट पारित होना भी विश्वास दर्शाता है। बजट विफल होने पर सरकार गिर सकती है। हमारे सभी विधेयक सदन में लगभग सर्वसम्मति से पारित हुए।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, ”अगर कोई यह दावा करता है कि इतने सारे (विधायक) (अन्य दलों के साथ) संपर्क में हैं और उनकी सरकार गिर जाएगी, तो हम विश्वास प्रस्ताव लाएंगे।’

आप के राज्यसभा सदस्यों की संख्या घटकर तीन रह गई

आप छोड़ने वाले सात राज्यसभा सदस्यों में से छह पंजाब से निर्वाचित हुए हैं। राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सोमवार को आधिकारिक तौर पर सांसदों के भाजपा में शामिल होने को स्वीकार कर लिया। इससे राज्यसभा में अरविंद केजरीवाल की पार्टी के सदस्यों की संख्या घटकर तीन रह गई।

कांग्रेस सांसद का सीएम मान पर तंज

आम आदमी पार्टी को अब तक का सबसे बड़ा झटका देने वाले राघव चड्ढा ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। इसी बीच, अब कांग्रेस पार्टी के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने आप और भगवंत मान पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर भगवंत मान मुख्यमंत्री नहीं होते, तो वह दूसरी शादी नहीं कर पाते। पढ़ें पूरी खबर…