महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और शिवसेना (यूबीटी) चीफ उद्धव ठाकरे के साथ फ्लाइट में सफर वाला वीडियो सामने आने के बाद अब राज्य के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे का बयान सामने आया है। शिंदे ने फड़नवीस को एक चतुर व्यक्ति बताया है।

एकनाथ शिंदे ने शनिवार को कहा, “मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस एक चतुर व्यक्ति हैं जो अच्छी तरह जानते हैं कि एक षड्यंत्रकारी मित्र कितना खतरनाक हो सकता है।” यह बात उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के संदर्भ में कही।

शिंदे शुक्रवार को नागपुर जाते समय फड़नवीस और ठाकरे के एक ही फ्लाइट में यात्रा करने के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा और अविभाजित शिवसेना ने 2019 में एक ही राह अपनाई थी, लेकिन फिर उन्होंने एक अलग राह अपनाई और कांग्रेस के साथ गठबंधन कर लिया। दोनों सहयोगियों के बीच संबंध टूटने का जिक्र करते हुए उन्होंने यह बात कही।

शिंदे ने कहा कि फड़नवीस बहुत ही चतुर व्यक्ति हैं। वह अच्छी तरह जानते हैं कि एक षड्यंत्रकारी मित्र कितना खतरनाक हो सकता है।

अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी फड़नवीस के साथ हवाई यात्रा के बारे में पूछे जाने पर ठाकरे ने कहा था कि उनकी “उच्च स्तरीय चर्चा” हुई थी। फ्लाइट में सीएम फड़नवीस और उद्धव ठाकरे को गर्मजोशी से हाथ मिलाते और थोड़ी-बहुत बातचीत करते देखा गया था। उद्धव के बगल में बैठे शिवसेना यूबीटी नेता आदित्य ठाकरे और मुख्यमंत्री के पीछे बैठे सांसद संजय राउत भी पार्टी के अन्य नेताओं के साथ फ्लाइट में मौजूद थे। देवेंद्र फड़नवीस ने कहा, “हम तीनों का एक साथ मिलना आज की सबसे बड़ी खबर है।”

हालांकि, दोनों ही पक्षों ने इस मुलाकात के किसी भी राजनीतिक महत्व को खारिज कर दिया और इसे महज एक संयोग और शिष्टाचार के नाते हुई सामान्य मुलाकात बताया।

बता दें, शुक्रवार को फड़नवीस और ठाकरे ने मुंबई से नागपुर जाने वाली फ्लाइट में एक साथ यात्रा की। जिससे राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई। हालांकि, भाजपा ने इसे किसी भी राजनीतिक महत्व से परे बताया और कहा कि सभी दलों के नेता सौहार्दपूर्ण व्यक्तिगत संबंध बनाए रखते हैं।

वहीं, इस यात्रा को लेकर शिवसेना ठाकरे नेता सुषमा अंधारे ने कहा था कि अगर कुछ नेता ईंधन बचाने के लिए निजी विमान के बजाय आम जनता की तरह विमान में यात्रा कर रहे हैं, तो इस पर अलग तरह की राजनीतिक बहस छिड़ने का कोई कारण नहीं है। ज्यादा से ज्यादा, साथ यात्रा करने का कारण राष्ट्रीय हित हो सकता है। इससे ज्यादा कुछ नहीं।

एक ही फ्लाइट में दिखे उद्धव, संजय राउत और फड़नवीस, CM बोले- ‘हमारा मिलना ही आज की सबसे बड़ी खबर’

महाराष्ट्र की राजनीति में चल रही उथल-पुथल के बीच एक चौंकाने वाली घटना घटी, जब मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को मुंबई से नागपुर जाने वाली एक ही फ्लाइट में सफर किया। पढ़ें पूरी खबर।