कॉकरोच जनता पार्टी का दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन दिल्ली पुलिस की सख्ती के कारण शुरू नहीं हो सका। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बीच रास्ते में रोककर हिरासत में ले लिया और किसी भी प्रदर्शनकारी को जंतर-मंतर नहीं पहुंचने दिया।

इसके बाद अब सीजेपी ने रविवार को फिर प्रदर्शन करने की बात कही है। पुलिस ने सुबह ही सीजेपी के प्रमुख अभिजीत दीपके, प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को फ्लाइट से ही हिरासत में लिया है।

आधी लड़ाई जीत चुके हैं- अजिंक्य शिंदे

सीजेपी के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे ने कहा कि वे आधी लड़ाई जीत चुके हैं, ऐसे में रविवार की सुबह 10 बजे फिर से जंतर-मंतर की ओर कूच करेंगे। सीजेपी ने अभिजीत दीपके, प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका के हिरासत में लेने पर अजिंक्य शिंदे को प्रदर्शन की अगुवाई करने का जिम्मा दिया है।

उन्होंने एक्स पर सीजेपी के आधिकारिक हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा, “साथियों आज (शनिवार) हम जंतर मंतर क्या मांगने गए थे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने जिन 12 करोड़ वोटरों के अधिकार को चुराया है, हम उनका अधिकार वापस मांगने गए थे। फिर भी पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस तानाशाही सरकार ने अभिजीत दीपके, सौरव दास, आशुतोष रांका के साथ-साथ सभी स्टूडेंट्स लीडर, वॉलिंटियर और समर्थकों को हिरासत में लिया।”

‘पिछली बार आपका अहंकार चूर-चूर किया था’

आगे सरकार और प्रशासन को ललकारते हुए उन्होंने कहा, “उनको लगा होगा कि आज डिटेन (हिरासत) करेंगे तो ये लोग डर कर भाग जाएंगे। लेकिन मोदी शाह का यह डर दिखाता है कि हम आधी लड़ाई पहले ही जीत चुके हैं और ये एक नई लड़ाई की शुरुआत है। मोदी-शाह से हम कहना चाहेंगे जिस तरह हमने पिछली बार आपका अहंकार चूर-चूर किया था, इस बार भी हम आपका अहंकार चूर-चूर करेंगे। आप कितनी भी कोशिश करो, कितना भी प्रेशर डालो, कितने भी लोगों को डिटेन करो। फिर भी हम ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं ले लेंगे तब तक घर वापस नहीं जाएंगे।”

कल सुबह जंतर-मंतर की ओर करेंगे कूच

अजिंक्य शिंदे ने आगे कहा, “इस वीडियो के माध्यम से आप सभी को कहना चाहूंगा कि कल (रविवार) फिर से हम सुबह 10 बजे जंतर-मंतर की ओर कूच करेंगे। आप सभी को बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पर आना है। साथ ही जहां पर भी आपको दिल्ली पुलिस रोकेगी, वहीं पर आपको आपका जंतर-मंतर बनाना है। जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देगा, जब तक ज्ञानेश, जो देश का सबसे बड़ा गद्दार है और सबसे बड़ा एंटी नेशनल है, वो इस्तीफा नहीं देगा। तब तक हम जंतर मंतर से हिलेंगे नहीं।”

यह भी पढ़ें: तुषार गांधी, एक्टर इमरान खान समेत सैकड़ों प्रदर्शनकारी हिरासत में, दिल्ली के बाद मुंबई में पुलिस का एक्शन

इधर दिल्ली पुलिस ने शनिवार सुबह कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके को दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में ले लिए, उधर मुंबई पुलिस ने अगस्त क्रांति मैदान को सील कर दिया। यहीं प्रदर्शनकारियों ने सीजेपी के जंतर-मंतर प्रदर्शन के समर्थन में जमा होने की योजना बनाई थी। शाम तक नाना चौक पर सैकड़ों लोगों को हिरासत में ले लिया गया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें